NATO ने दी रूस को धमकी, क्या करेंगे पुतिन?

न्यूज डेस्क। यूरोप और रूस के बीच पहले से ही तनावपूर्ण माहौल अब एक नए मोड़ पर पहुंच चुका है। नाटो देशों ने स्पष्ट शब्दों में रूस को चेतावनी दी है कि यदि किसी रूसी विमान या मिसाइल ने उनकी हवाई सीमा का उल्लंघन किया, तो उसे बिना किसी पूर्व सूचना के मार गिराया जाएगा। यह बयान संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक के दौरान सामने आया, जिसमें नाटो सदस्य देशों ने रूस की कथित आक्रामकता पर गहरी चिंता जताई।

नाटो का कड़ा रुख

पोलैंड, एस्टोनिया, रोमानिया और अन्य पूर्वी यूरोपीय देशों ने हाल के दिनों में बार-बार आरोप लगाए हैं कि रूस की सेना जानबूझकर उनकी हवाई सीमाओं का उल्लंघन कर रही है। पोलैंड के विदेश मंत्री राडोस्लॉव सिकोर्स्की ने दो टूक शब्दों में कहा कि अगर कोई रूसी विमान उनकी सीमा में घुसेगा और उसे गिरा दिया जाएगा। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क ने भी चेतावनी दी कि कोई भी संदिग्ध ऑब्जेक्ट सीमा में घुसा तो उसे चर्चा के बिना ही गिरा दिया जाएगा।

रूस की कथित हरकतें

एस्टोनिया के अनुसार, कुछ दिन पहले तीन रूसी MiG-31 लड़ाकू विमान उनके हवाई क्षेत्र में 12 मिनट तक रहे। इसी तरह, इसी महीने रूस के 20 ड्रोन पोलैंड की सीमा में दाखिल हुए थे, जिन्हें नाटो ने समय रहते नष्ट कर दिया। रोमानिया ने भी रूसी विमान द्वारा हवाई सीमा उल्लंघन की बात कही है। इन सब घटनाओं ने पूर्वी यूरोपीय देशों की चिंता बढ़ा दी है, जो पहले से ही रूस की गतिविधियों को लेकर सतर्क हैं।

रूस का जवाब

रूस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा है कि एस्टोनिया और अन्य देशों के पास कोई ठोस सबूत नहीं है और यह सब केवल राजनीतिक तनाव पैदा करने की कोशिश है। रूस की यह प्रतिक्रिया नाटो की चेतावनियों को हल्के में लेने की रणनीति हो सकती है, लेकिन पश्चिमी देश इसे खतरे की घंटी मान रहे हैं।

नाटो देशों की प्रतिक्रिया

ब्रिटेन, अमेरिका और डेनमार्क जैसे देशों ने भी रूस के रवैये की निंदा की है। ब्रिटिश विदेश मंत्री यवेट कूपर ने रूसी कदमों को ‘खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना’ बताया। अमेरिका के प्रतिनिधि माइक वाल्ट्ज ने कहा कि अमेरिका नाटो की हर इंच जमीन की रक्षा करेगा और रूस को तुरंत अपनी हरकतें रोकनी होंगी।

0 comments:

Post a Comment