मुंबई-पुणे से बिहार तक सीधे सफर, रेलवे ने दी बड़ी खुशखबरी

पटना। होली के त्यौहार से पहले बिहारवासियों के लिए अच्छी खबर है। भारतीय रेलवे ने मुंबई और पुणे से बिहार के लिए कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है, जिससे होली पर घर लौटने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। इस पहल के तहत दानापुर, समस्तीपुर, रक्सौल, सहरसा, दरभंगा और पटना जैसे प्रमुख स्टेशनों के लिए सीधे कनेक्शन सुनिश्चित किया गया है।

पुणे–दानापुर स्पेशल ट्रेनें

गाड़ी संख्या 01481/01482 और 01449/01450 स्पेशल ट्रेनें पुणे और दानापुर के बीच संचालित होंगी। ये ट्रेनें डीडीयू-प्रयागराज-छिवकी–जबलपुर रूट से गुजरेंगी। 21 फरवरी से 10 मार्च 2026 के बीच अलग-अलग तिथियों पर इनका संचालन होगा। पुणे में कार्यरत बिहारवासियों के लिए यह सुविधा काफी सहूलियत भरी साबित होगी।

रक्सौल और सहरसा के लिए विशेष ट्रेन सेवा

रक्सौल–लोकमान्य तिलक (05557/05558) और सहरसा–लोकमान्य तिलक (05585/05586) मार्ग पर भी विशेष ट्रेनें चलेंगी। इससे सीमांचल और मिथिलांचल के यात्रियों को फायदा होगा। यात्रीगण ट्रेन टिकट बुक कर यात्रा कर सकते हैं।

राजस्थान और अहमदाबाद से बिहार के लिए कनेक्टिविटी

श्रीगंगानगर–समस्तीपुर (04731/04732) स्पेशल ट्रेन 1 मार्च से 31 मार्च 2026 तक चलेगी। इसके अलावा अहमदाबाद–दरभंगा (09465/09466) और अहमदाबाद–पटना (09447/09448) स्पेशल ट्रेनें भी मार्च के अंत तक जारी रहेंगी। यह ट्रेनें गोरखपुर, हाजीपुर और निर्धारित स्टेशनों से होकर गुजरेंगी।

लोकमान्य तिलक टर्मिनस से दानापुर और समस्तीपुर कनेक्शन

एलटीटी से दानापुर (01143/01144) और समस्तीपुर (01043/01044) के लिए भी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी। ये ट्रेनें डीडीयू, पाटलिपुत्र और हाजीपुर मार्ग से होकर गुजरेंगी। मुंबई से बिहार आने वाले यात्रियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण राहत है।

पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने जानकारी देते हुए बताया कि जरूरत पड़ने पर और भी स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना बनाई जा सकती है। उन्होंने यात्रियों से यात्रा से पहले आरक्षण और समय-सारिणी की जांच करने की सलाह दी। रेलवे की वेबसाइट से ट्रेन का टिकट बुक कर सकते हैं। 

0 comments:

Post a Comment