यूपी में इन कर्मचारियों को खुशखबरी, सरकार देगी होली प्रोत्साहन राशि

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होली पर्व के दौरान राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) के कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। इस वर्ष होली दो और चार मार्च को मनाई जाएगी। यात्रियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए निगम ने 28 फरवरी से 9 मार्च तक होली स्पेशल बस सेवाएँ चलाने की घोषणा की है। इस अवधि में कर्मचारियों को विशेष प्रोत्साहन राशि देने की योजना भी लागू होगी।

प्रबंध निदेशक के आदेश

निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु एन. सिंह ने आदेश जारी कर निर्देश दिए हैं कि इस दौरान सभी अधिकारी, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को ड्यूटी पर उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। केवल मृत्यु या गंभीर बीमारी जैसी अतिविशिष्ट परिस्थितियों में ही छुट्टी दी जाएगी। इस अवधि में कर्मचारियों को बस संचालन, परिचालन और कार्यशाला से जुड़े सभी कार्यों में लगे रहना होगा।

प्रोत्साहन योजना

निगम ने प्रोत्साहन योजना के तहत निम्नलिखित प्रावधान किए हैं:

1 .चालक/परिचालक जो न्यूनतम 9 दिन ड्यूटी करेंगे और औसतन 300 किलोमीटर प्रतिदिन चलाएँगे, उन्हें 400 रुपये प्रतिदिन दर से कुल 3600 रुपये प्रोत्साहन मिलेगा।

2 .यदि कर्मचारी पूरे 10 दिन लगातार ड्यूटी करें और मानक किलोमीटर पूरा करें, तो उन्हें 450 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से कुल 4500 रुपये दिए जाएंगे।

3 .संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को भी निर्धारित मानक से अधिक किलोमीटर चलाने पर 55 पैसे प्रति अतिरिक्त किलोमीटर के हिसाब से अतिरिक्त मानदेय मिलेगा।

4 .आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए भी अलग प्रोत्साहन राशि निर्धारित की गई है। 10 दिन लगातार ड्यूटी करने वाले डिपो/क्षेत्रीय कार्यशाला में तैनात कर्मचारी 2100 रुपये प्राप्त करेंगे, जबकि 9 दिन ड्यूटी करने वाले 1800 रुपये के हकदार होंगे।

उत्कृष्ट कार्य के लिए विशेष प्रोत्साहन

निगम ने क्षेत्रीय और डिपो स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों के लिए अतिरिक्त धनराशि का प्रावधान भी किया है।

1 .क्षेत्रीय प्रबंधक को 10,000 रुपये और सेवा प्रबंधक को 5,000 रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों में वितरित किया जाएगा।

2 .चिन्हित बस स्टेशनों पर कार्यरत कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था के लिए 1,00,000 रुपये की राशि मंजूर की गई है।

3 .प्रोत्साहन अवधि में प्रदेश स्तर पर सर्वाधिक आय अर्जित करने वाले तीन क्षेत्रों के क्षेत्रीय प्रबंधक, सेवा प्रबंधक और 10 डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

0 comments:

Post a Comment