यूपी के विशेष शिक्षकों के लिए खुशखबरी! भर्ती का मौका, 29 जून तक आवेदन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विशेष शिक्षकों के लिए अच्छी खबर है। परिषदीय स्कूलों में विशेष जरूरत वाले बच्चों की पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए स्पेशल एजुकेटर्स की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बेसिक शिक्षा परिषद ने योग्य अभ्यर्थियों से 29 जून तक आवेदन मांगे हैं।

आपको बता दें की इस भर्ती प्रक्रिया के तहत उन विशेष शिक्षकों को मौका दिया जाएगा, जो वर्तमान में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के अंतर्गत संविदा या आउटसोर्सिंग व्यवस्था के माध्यम से काम कर रहे हैं और निर्धारित योग्यता पूरी करते हैं।

आवेदन के लिए जरूरी योग्यता

विशेष शिक्षक भर्ती में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों का शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी टीईटी या सीटीईटी पास होना जरूरी है। इसके अलावा भारतीय पुनर्वास परिषद (आरसीआई), नई दिल्ली की ओर से तय शैक्षिक योग्यता भी पूरी करनी होगी। योग्यता पूरी करने वाले अभ्यर्थी 29 जून तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया ई-मेल के माध्यम से पूरी की जाएगी।

दस्तावेजों के साथ भेजें आवेदन

अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र के साथ अपने शैक्षिक प्रमाण पत्रों की स्वप्रमाणित प्रतियां, काम से जुड़े अनुबंध प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे। बेसिक शिक्षा परिषद ने आवेदन का प्रारूप और भर्ती से जुड़ी जानकारी जारी कर दी है।

विशेष बच्चों की शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा

सरकार की इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को बेहतर शिक्षा सुविधा उपलब्ध कराना है। विशेष शिक्षकों की नियुक्ति से ऐसे बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार पढ़ाई और मार्गदर्शन मिल सकेगा। यह नियुक्ति प्रक्रिया न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में आगे बढ़ाई जा रही है। परिषद ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से तय समय के भीतर आवेदन पूरा करने की अपील की है।

0 comments:

Post a Comment