यूपी में बनेंगी नई सड़कें, चौड़ीकरण से मजबूत होगा कनेक्टिविटी नेटवर्क

न्यूज डेस्क। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। जिले में बेहतर सड़क कनेक्टिविटी के लिए औद्योगिक लॉजिस्टिक योजना के तहत नई सड़कों के निर्माण और पुराने मार्गों के चौड़ीकरण की योजना को मंजूरी मिल गई है।

इस परियोजना पर करीब 15.40 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे चांदपुर, नगीना और नजीबाबाद क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क मजबूत होगा। इसका सीधा फायदा उद्योगों, किसानों और स्थानीय व्यापारियों को मिलने की उम्मीद है।

7.85 किलोमीटर निर्माण

योजना के तहत जिले में कुल 7.85 किलोमीटर लंबी सड़कों पर काम किया जाएगा। इसमें नई सड़क बनाने के साथ कुछ प्रमुख मार्गों को चौड़ा भी किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य उद्योगों तक बेहतर पहुंच बनाना है, ताकि कच्चे माल की आवाजाही और तैयार उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में आसानी हो सके।

चांदपुर में सड़क होगी फोर लेन

चांदपुर क्षेत्र में चांगीपुर स्थित बिन्दल पेपर मिल्स तक जाने वाले मार्ग को सिंगल लेन से फोर लेन में बदला जाएगा। गोहावर चौक, केमरी शफुद्दीन रोड से चांदपुर पॉलिटेक्निक तक करीब 2.3 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण का कार्य होगा। इस परियोजना पर लगभग 4.30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस क्षेत्र में पेपर उद्योग के बड़े निवेश को देखते हुए सड़क सुधार को काफी अहम माना जा रहा है।

नगीना में काष्ठ उद्योग को मिलेगा बढ़ावा

नगीना क्षेत्र में भी सड़क निर्माण की योजना बनाई गई है। ग्राम औरंगजेबपुर-मोहम्मदाबाद-हरेवली रोड पर रामलीला तिराहा से बेनीपुर गांव तक करीब 5 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई जाएगी। इस सड़क के निर्माण पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बेहतर सड़क सुविधा मिलने से नगीना के काष्ठ कला उद्योग को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

नजीबाबाद में बनेगी नई कनेक्टिविटी रोड

नजीबाबाद तहसील के साहनपुरा क्षेत्र में भी नई सड़क का निर्माण किया जाएगा। गाटा संख्या 546 से विलेज कनेक्टिविटी रोड तक करीब 0.55 किलोमीटर सड़क बनाई जाएगी। इस परियोजना की लागत लगभग 1.10 करोड़ रुपये बताई गई है।

663 करोड़ रुपये के निवेश को मिलेगा सहारा

इन सड़कों के निर्माण का असर जिले में हो रहे औद्योगिक निवेश पर भी पड़ेगा। अधिकारियों के अनुसार, इन परियोजनाओं से करीब 663.7 करोड़ रुपये के औद्योगिक निवेश को बेहतर आधारभूत सुविधा मिलेगी। सड़कें मजबूत होने से फैक्ट्रियों तक पहुंच आसान होगी और उद्योगों के संचालन में तेजी आएगी।

0 comments:

Post a Comment