केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, 14 हजार करोड़ के 2 बड़े प्रोजेक्ट की मंजूरी

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश से जुड़े 14,000 करोड़ रुपये से अधिक के दो बड़े सड़क प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद न सिर्फ यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि लोगों का सफर भी आसान और तेज हो जाएगा।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि दोनों परियोजनाओं पर कुल 14,114 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए जाएंगे। इनमें एक बड़ा प्रोजेक्ट दिल्ली में बनने वाली 6 लेन सुरंग का है, जबकि दूसरा उत्तर प्रदेश में हाईवे निर्माण से जुड़ा है।

1 .दिल्ली में बनेगी 6 लेन वाली खास सुरंग

सरकार ने NH-148AE के तहत दिल्ली में 6 लेन वाली सड़क सुरंग के निर्माण को मंजूरी दी है। यह परियोजना द्वारका एक्सप्रेसवे को वसंत कुंज स्थित नेल्सन मंडेला मार्ग से जोड़ेगी। करीब 8.1 किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर लगभग 6,969.67 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके बनने से दिल्ली के कई हिस्सों के बीच आवाजाही आसान होगी और प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

2 .यूपी को मिला 7,145 करोड़ का हाईवे प्रोजेक्ट

कैबिनेट ने उत्तर प्रदेश में NH-34 के कानपुर-कबरई सेक्शन के निर्माण को भी मंजूरी दी है। यह करीब 117.7 किलोमीटर लंबा 4/6 लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड हाईवे होगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 7,145.14 करोड़ रुपये बताई गई है। नया हाईवे बनने से उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा। खासकर कानपुर से जुड़े क्षेत्रों और आगे मध्य प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

इस हाईवे परियोजना का सबसे बड़ा फायदा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मिलेगा। बेहतर सड़क नेटवर्क से यात्रा का समय कम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। नए हाईवे से माल ढुलाई आसान होगी, जिससे उद्योग और स्थानीय कारोबार को भी फायदा पहुंच सकता है।

0 comments:

Post a Comment