बिहार सरकार की नई ट्रांसफर नीति, शिक्षकों को मिलेगी खुशखबरी

पटना। बिहार में शिक्षकों के स्थानांतरण को लेकर सरकार नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी में है। नई नीति का मकसद सिर्फ शिक्षकों का तबादला करना नहीं, बल्कि राज्य के सभी स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता को संतुलित करना है। अब पोस्टिंग का फैसला स्कूलों में मौजूद जरूरत, छात्रों की संख्या और शिक्षकों की कमी को ध्यान में रखकर किया जाएगा।

आपको बता दें की अब तक कई बार शिक्षकों के तबादले को लेकर सिफारिश और व्यक्तिगत मांगों की शिकायतें सामने आती रही हैं। नई व्यवस्था में इन चीजों को कम करने और पूरी प्रक्रिया को नियमों के आधार पर चलाने पर जोर दिया गया है।

जिस स्कूल में कमी, वहां पहले होगी तैनाती

शिक्षा विभाग सभी विद्यालयों की स्थिति का आकलन कर रहा है। इसके लिए स्कूलों में शिक्षकों की संख्या, विषयवार जरूरत और छात्रों की स्थिति का रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। नई नीति के तहत उन स्कूलों को प्राथमिकता मिलेगी जहां लंबे समय से शिक्षकों की कमी बनी हुई है। खासकर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए तैनाती की योजना बनाई जाएगी।

तबादले की प्रक्रिया होगी ऑनलाइन

शिक्षकों को स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। डिजिटल व्यवस्था लागू होने से आवेदन से लेकर निर्णय तक की प्रक्रिया अधिक स्पष्ट होगी। सरकार का मानना है कि ऑनलाइन सिस्टम आने से शिक्षकों को भी सुविधा मिलेगी और तबादले में पारदर्शिता बनी रहेगी।

गलत दस्तावेज लगाने वालों पर शिकंजा

नई नीति में मेडिकल आधार पर तबादले को लेकर भी नियम सख्त किए जा रहे हैं। अगर कोई शिक्षक गलत जानकारी या फर्जी प्रमाण पत्र के जरिए लाभ लेने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

पति-पत्नी और विशेष मामलों पर भी विचार

सरकार ने ऐसे मामलों को भी ध्यान में रखा है जहां पति-पत्नी अलग-अलग जिलों में कार्यरत हैं। ऐसे शिक्षकों के आवेदन पर नियमों के अनुसार विचार किया जाएगा। हालांकि, इसके लिए संबंधित शिक्षक को जरूरी प्रमाण और दस्तावेज उपलब्ध कराने होंगे।

जरूरतमंद शिक्षकों को मिलेगी प्राथमिकता

इस नई नीति का उद्देश्य शिक्षकों को परेशान करना नहीं है। जो शिक्षक वास्तव में गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं या दिव्यांग हैं, उन्हें नियमों के अनुसार प्राथमिकता दी जाएगी।

0 comments:

Post a Comment