बिहार में फिर बरसेंगे बादल! 25 से 28 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट

पटना। बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 25 से 28 जुलाई के बीच राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान कई इलाकों में तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा रहेगा। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, सीतामढ़ी और शिवहर में 25 से 28 जुलाई के दौरान भारी वर्षा होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

पटना समेत कई जिलों में भी असर

आईएमडी के अनुसार 28 जुलाई को बारिश का दायरा और बढ़ सकता है। पटना, भोजपुर, बक्सर, गोपालगंज, सारण, वैशाली और सीवान सहित कई जिलों में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

आज 23 जिलों के लिए येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए राज्य के 23 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज हवा, गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। सीमांचल क्षेत्र के सुपौल, अररिया, किशनगंज और कटिहार में अत्यधिक बारिश की आशंका जताई गई है, इसलिए इन जिलों के लोगों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

वहीं,अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सारण, सीवान, मुजफ्फरपुर, वैशाली,  पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, सुपौल, समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई जिले में येलो अलर्ट जारी किया गया हैं।

लोगों के लिए जरूरी सलाह

बारिश और वज्रपात के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। यदि मौसम अचानक खराब हो जाए तो खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े न हों। वाहन चलाते समय भी सावधानी बरतें और जलभराव वाले रास्तों से बचने की कोशिश करें।

0 comments:

Post a Comment