यूपी में 9वीं-10वीं और 11वीं-12वीं छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं-10वीं (पूर्वदशम) और कक्षा 11वीं-12वीं (दशमोत्तर) छात्रवृत्ति योजनाओं का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। 

इस नई समय-सारिणी का उद्देश्य छात्रवृत्ति वितरण की पूरी प्रक्रिया को तय समय के भीतर पूरा करना और पात्र विद्यार्थियों तक बिना किसी अनावश्यक देरी के सहायता राशि पहुंचाना है। समाज कल्याण विभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार आवेदन, सत्यापन, जांच, स्क्रूटनी और बैंक खातों में छात्रवृत्ति भेजने तक हर चरण के लिए अलग-अलग समय-सीमा तय की गई है।

5 अगस्त तक विद्यालयों को करना होगा यह जरूरी काम

नई व्यवस्था के तहत प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों को 22 जुलाई से 5 अगस्त 2026 के बीच अपना मास्टर डाटा ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करना होगा। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक और संबंधित अधिकारी विद्यालयों की मान्यता, सीटों तथा अन्य आवश्यक जानकारियों का सत्यापन करेंगे। अल्पसंख्यक वर्ग के निजी विद्यालयों से जुड़ी आवश्यक ऑनलाइन प्रक्रिया भी इसी दौरान पूरी की जाएगी ताकि आगे आवेदन प्रक्रिया में कोई बाधा न आए।

नवीनीकरण वाले छात्रों के लिए आवेदन की तिथि

जो विद्यार्थी पहले से छात्रवृत्ति का लाभ ले रहे हैं और नवीनीकरण कराना चाहते हैं, वे 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन के बाद विद्यालय स्तर पर बायोमेट्रिक सत्यापन, दस्तावेजों की जांच और आवेदन को आगे भेजने की प्रक्रिया 30 अगस्त तक पूरी की जाएगी। इसके बाद जिला स्तर पर छात्र संख्या का सत्यापन, एनआईसी द्वारा तकनीकी जांच और समिति की मंजूरी के बाद पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में अक्टूबर 2026 तक छात्रवृत्ति की राशि सीधे पीएफएमएस के माध्यम से भेजने का लक्ष्य रखा गया है।

नए छात्रों के लिए आवेदन कब होंगे?

पहली बार छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन की प्रक्रिया 11 अगस्त से 21 सितंबर 2026 तक चलेगी। आवेदन जमा होने के बाद विद्यालय, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा सभी दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद पात्र छात्रों के बैंक खातों में जनवरी 2027 के दौरान छात्रवृत्ति की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी।

गलती होने पर मिलेगा सुधार का मौका

सरकार ने आवेदन प्रक्रिया को अधिक छात्रहितैषी बनाने के लिए यह भी व्यवस्था की है कि यदि किसी आवेदन में त्रुटि या कोई संदिग्ध जानकारी पाई जाती है तो विद्यार्थियों को संशोधन और दोबारा सत्यापन का अवसर दिया जाएगा। इससे पात्र छात्रों का आवेदन केवल छोटी-मोटी गलती के कारण निरस्त नहीं होगा।

0 comments:

Post a Comment