239 करोड़ रुपये से बदलेगी सड़क की तस्वीर
सरकार ने इस परियोजना के लिए 239.33 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी है। इसके तहत करीब 44 किलोमीटर लंबे स्टेट हाईवे-25 को आधुनिक मानकों के अनुसार पेव्ड शोल्डर वाली टू-लेन सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा। सड़क चौड़ी होने से वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और यात्रा का समय भी कम होगा।
भागलपुर से बांका का सफर होगा आसान
भागलपुर, अमरपुर और बांका को जोड़ने वाला यह मार्ग दक्षिण बिहार के प्रमुख संपर्क मार्गों में शामिल है। हर दिन हजारों लोग नौकरी, शिक्षा, व्यापार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए इसी सड़क का उपयोग करते हैं। अभी कई स्थानों पर सड़क संकरी और क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को जाम और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ता है। नई टू-लेन सड़क बनने के बाद इन समस्याओं में काफी कमी आने की उम्मीद है।
टेंडर के बाद शुरू होगा निर्माण कार्य
परियोजना को प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद अब अगला कदम टेंडर प्रक्रिया का होगा। निर्माण एजेंसी का चयन होने के बाद सड़क निर्माण का काम शुरू किया जाएगा। इस परियोजना का कार्य बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (BSRDCL) की निगरानी में कराया जाएगा।
2028 तक पूरा करने का लक्ष्य
पथ निर्माण विभाग ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना को वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। यदि निर्माण कार्य तय समय पर पूरा होता है तो भागलपुर और बांका के बीच परिवहन व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
0 comments:
Post a Comment