पात्र परिवार कर सकेंगे नया आवेदन
विभाग के अनुसार, जिन परिवारों का नाम अब तक राशन कार्ड सूची में शामिल नहीं हो पाया है, वे निर्धारित प्रपत्र 'क' भरकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा पात्रता की जांच की जाएगी और सभी शर्तें पूरी होने पर नया राशन कार्ड जारी किया जाएगा।
आवेदन के साथ देने होंगे दस्तावेज
राशन कार्ड के लिए आवेदन करते समय कुछ आवश्यक दस्तावेज जमा करना अनिवार्य होगा। इनमें परिवार के मुखिया का जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक की प्रति, परिवार की सामूहिक फोटो, सभी सदस्यों के आधार कार्ड और मोबाइल नंबर शामिल हैं। दस्तावेज पूरे और सही होने पर आवेदन प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ सकेगी।
बंद राशन कार्ड होंगे दोबारा सक्रिय
जिन लोगों का राशन कार्ड तकनीकी कारणों या अन्य वजहों से निष्क्रिय हो गया है, उन्हें भी राहत मिलेगी। विभाग दस्तावेजों की जांच के बाद ऐसे कार्डों को फिर से चालू करेगा, ताकि पात्र परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ दोबारा मिल सके।
ऑनलाइन-ऑफलाइन दोनों माध्यम उपलब्ध
आवेदन जमा होने के बाद उसकी ऑनलाइन प्रविष्टि की जाएगी और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। जांच पूरी होने के बाद योग्य पाए जाने वाले आवेदकों के नए राशन कार्ड जारी किए जाएंगे या निष्क्रिय कार्डों को पुनः सक्रिय किया जाएगा। इसके अलावा संबंधित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी के कार्यालय में ऑफलाइन आवेदन भी जमा किए जा सकते हैं।
पात्र परिवारों से जल्द आवेदन करने की अपील
विभागीय अधिकारियों ने पात्र परिवारों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है। उनका कहना है कि जांच में पात्र पाए जाने वाले लोगों को नया राशन कार्ड जारी किया जाएगा, जबकि निष्क्रिय कार्डों को दोबारा चालू कर आवश्यक खाद्यान्न योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।

0 comments:
Post a Comment