बंगाल की खाड़ी से सक्रिय हुआ मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके चलते प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। सोमवार से शुरू होकर अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और उमस से राहत मिलने की संभावना है।
वेस्ट यूपी में 28 से 31 जुलाई तक भारी बारिश
मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 28 से 31 जुलाई के बीच भारी से लेकर मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि 28, 29 और 30 जुलाई के दौरान बारिश सबसे ज्यादा प्रभावी रह सकती है। लगातार होने वाली बारिश से गर्मी का असर काफी कम होगा और मौसम पूरी तरह बदल सकता है।
इन जिलों में आज और कल झमाझम बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। जिन जिलों में बारिश के आसार हैं उनमें प्रमुख रूप से लखनऊ, रायबरेली, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, अमेठी, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, पीलीभीत, बरेली, कासगंज, सहारनपुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, सीतापुर, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बाराबंकी, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, वाराणसी, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, मऊ, आजमगढ़, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर और बस्ती शामिल हैं। इन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लखीमपुर खीरी और बहराइच के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, इसलिए लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की हिदायत दी गई है।

0 comments:
Post a Comment