बिहार में गरीब परिवारों को खुशखबरी, राशन कार्ड के लिए करें आवेदन

पटना। बिहार के जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत भरी खबर है। जिन लोगों के पास अभी तक राशन कार्ड नहीं है या परिवार के किसी सदस्य का नाम राशन कार्ड में शामिल नहीं हो पाया है, उनके लिए सरकार ने विशेष अभियान शुरू किया है। पात्र परिवार 5 अगस्त से पहले आवेदन कर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाते हुए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन स्वीकार करने की व्यवस्था की है। सरकार का लक्ष्य है कि सभी पात्र परिवारों के राशन कार्ड 15 अगस्त से पहले जारी कर दिए जाएं।

ऑनलाइन-ऑफलाइन दोनों तरीके से आवेदन

पात्र आवेदक विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर आवश्यक जानकारी दर्ज कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा अनुमंडल, अंचल और प्रखंड कार्यालयों में बनाए गए विशेष काउंटरों पर भी आवेदन जमा किए जा सकते हैं। 

इन परिवारों को मिलेगा योजना का लाभ

यह अभियान विशेष रूप से उन परिवारों के लिए चलाया जा रहा है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और अब तक राशन कार्ड से वंचित रहे हैं। इनमें श्रमिक, स्लम बस्तियों में रहने वाले लोग, रेहड़ी-पटरी (वेंडर) चलाने वाले परिवार तथा अन्य पात्र जरूरतमंद शामिल हैं। यदि किसी परिवार के सदस्य का नाम पहले राशन कार्ड में दर्ज नहीं हो पाया था, तो उसे भी इस अभियान के तहत जोड़ा जा सकेगा।

पटना सिटी में 16 हजार नए राशन कार्ड बनाने का लक्ष्य

पटना सिटी अनुमंडल में करीब 16 हजार पात्र परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक टीम लगातार काम कर रही है। वार्ड पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, मार्केटिंग अधिकारियों और विकास मित्रों को भी पात्र परिवारों तक जानकारी पहुंचाने और आवेदन प्रक्रिया में सहयोग करने की जिम्मेदारी दी गई है।

0 comments:

Post a Comment