बिहार के शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी! तीन चरणों में होगा तबादला

पटना। बिहार के लाखों शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से स्थानांतरण प्रक्रिया का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए अब शिक्षा विभाग ने पूरी कार्ययोजना स्पष्ट कर दी है। नई व्यवस्था के तहत शिक्षकों का तबादला तीन चरणों में किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि केवल वही शिक्षक स्थानांतरण प्रक्रिया में शामिल होंगे, जो निर्धारित समय के भीतर आवेदन करेंगे। बिना आवेदन किसी भी शिक्षक का तबादला नहीं किया जाएगा।

पहले चरण में होगा समायोजन और म्यूचुअल ट्रांसफर

शिक्षा विभाग ने स्थानांतरण प्रक्रिया की शुरुआत समायोजन (रैशनलाइजेशन) और पारस्परिक (म्यूचुअल) स्थानांतरण से करने का निर्णय लिया है। इसके लिए 29 जुलाई से 5 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित जिला, प्रमंडल और राज्य स्तर की स्थापना समितियां निर्धारित समय पर बैठक कर आवेदन की समीक्षा करेंगी। इसके बाद समायोजन सूची जारी की जाएगी और यदि किसी शिक्षक को आपत्ति होगी तो उसका भी नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।

सितंबर में पूरा होगा म्यूचुअल ट्रांसफर

पहले चरण की प्रक्रिया समाप्त होने के बाद दूसरे चरण में पारस्परिक स्थानांतरण को अंतिम रूप दिया जाएगा। इस दौरान योग्य और निर्धारित शर्तों को पूरा करने वाले शिक्षकों के आपसी स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिससे दोनों पक्षों को सुविधा मिल सके।

सामान्य तबादले के लिए जारी होगी नई रिक्तियों की सूची

समायोजन और म्यूचुअल ट्रांसफर के बाद विभाग सभी विद्यालयों में उपलब्ध रिक्त पदों का नया विवरण जारी करेगा। संशोधित रिक्तियों के आधार पर सामान्य स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। इससे शिक्षकों को वास्तविक रिक्त पदों के अनुसार विद्यालय चुनने का अवसर मिलेगा।

अक्टूबर तक पूरी होगी स्थानांतरण प्रक्रिया

सामान्य स्थानांतरण के लिए आवेदन प्राप्त होने के बाद जिला, प्रमंडल और राज्य स्थापना समितियां अंतिम सूची तैयार करेंगी। इस दौरान प्राप्त दावों और आपत्तियों का भी निष्पक्ष तरीके से निपटारा किया जाएगा। विभाग का लक्ष्य है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी कर शिक्षकों को जल्द नई तैनाती दी जाए।

0 comments:

Post a Comment