यूपी के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी! मछली पालन के लिए 24 अगस्त तक करें आवेदन

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मछली पालन से जुड़े लोगों के लिए अच्छी खबर है। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना (PMMSY) के तहत लाभ लेने के लिए मत्स्य विभाग ने ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक और पात्र लोग 24 अगस्त 2026 तक विभागीय पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं।

छह परियोजनाओं के लिए खुले आवेदन

मत्स्य विभाग के अनुसार इस बार योजना के तहत छह अलग-अलग परियोजनाओं के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इनमें बड़े क्षेत्र में तालाब निर्माण, मध्यम आकार की रीसर्कुलेटरी एक्वाकल्चर सिस्टम (RAS) इकाइयां, रियरिंग यूनिट और महिलाओं के लिए बैकयार्ड RAS यूनिट शामिल हैं। 

इसके अलावा जलाशयों में 65 हजार मत्स्य अंगुलिकाओं का संचय और पारंपरिक मछुआरा परिवारों के लिए 500 आजीविका एवं पोषण सहायता इकाइयों का प्रावधान भी किया गया है।

पोर्टल पर मिलेगी पूरी जानकारी

योजना से जुड़ी परियोजनाओं की लागत, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है। जिला स्तर पर भी मत्स्य पालकों और अन्य पात्र लोगों को आवेदन से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

मत्स्य विभाग ने सभी जिलों में योजना का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोग इसका लाभ उठा सकें। आवेदन करने वाले लोगों को सलाह है कि अंतिम तारीख का इंतजार न करें और जरूरी दस्तावेजों के साथ समय रहते ऑनलाइन आवेदन पूरा कर लें।

आवेदन के लिए वेबसाइट: http://fisheries.up.gov.in

0 comments:

Post a Comment