बिहार में जल्द दस्तक देगा मानसून, होगी झमाझम बारिश

पटना। बिहार में इन दिनों भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं, लेकिन राहत की खबर भी सामने आ रही है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून जल्द ही बिहार में दस्तक देने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मॉनसून के बिहार में 13 से 15 जून के बीच पहुंचने की संभावना है। ऐसे में अब राज्यवासियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं कि जल्द ही उन्हें चिलचिलाती धूप और झुलसा देने वाली गर्मी से राहत मिलेगी।

मॉनसून की वर्तमान स्थिति

मौसम विभाग के मुताबिक, इस बार मॉनसून ने केरल में अपने तय समय से 8 दिन पहले दस्तक दी थी। इससे अनुमान लगाया जा रहा था कि बिहार में भी यह सामान्य समय से पहले पहुंच सकता है। लेकिन जून के पहले सप्ताह में मॉनसून की रफ्तार धीमी हो गई, जिससे इसकी प्रगति पर विराम लग गया। फिलहाल मॉनसून सिक्किम और उत्तर बंगाल के उत्तरी हिस्से में रुका हुआ है, लेकिन अब इसके आगे बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

सीमांचल के रास्ते करेगा प्रवेश

बिहार में हर साल मॉनसून आमतौर पर सीमांचल क्षेत्र (किशनगंज, पूर्णिया आदि) के माध्यम से प्रवेश करता है। इस साल भी इसी मार्ग से मॉनसून के राज्य में आने की उम्मीद जताई जा रही है। एक बार मॉनसून प्रवेश कर जाए तो राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना रहेगी, जो किसानों के लिए भी राहत लेकर आएगी।

दक्षिण बिहार में अभी जारी रहेगा गर्मी का कहर

मॉनसून की एंट्री से पहले दक्षिण बिहार, खासकर पटना, गया, छपरा जैसे इलाकों में प्रचंड गर्मी बनी रहेगी। कई शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा चुका है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भीषण लू चलने और गर्मी जारी रहने की चेतावनी दी है।

मानसून को लेकर बिहार में अगले 2-3 दिन अहम

IMD का कहना है कि आने वाले दो से तीन दिनों में मॉनसून को लेकर अच्छी खबर मिल सकती है। अगर हवाओं की दिशा और नमी में बदलाव आता है तो मॉनसून की गति तेज हो सकती है और यह तय समय पर बिहार में दस्तक देगा।

0 comments:

Post a Comment