13 दिवसीय आध्यात्मिक यात्रा
आईआरसीटीसी के बिहार डीजीएम राजेश कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस ट्रेन यात्रा का उद्देश्य देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को देशवासियों के बीच फैलाना है। भारत गौरव ट्रेन में कुल 700 श्रद्धालुओं के लिए सीटें उपलब्ध हैं, और बुकिंग तेजी से हो रही है। यह यात्रा बिहार के कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिनमें सहरसा, निर्मली, झंझारपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, किउल, आसनसोल और पुरुलिया शामिल हैं।
दर्शन के प्रमुख तीर्थ स्थल
इस 13 दिवसीय यात्रा में तीर्थ यात्रियों को दक्षिण भारत के कई पवित्र स्थलों का दर्शन करने का अवसर मिलेगा। इनमें तिरुपति, रामेश्वरम, मदुरई, कन्याकुमारी, तिरुवनंतपुरम और मल्लिकार्जुन जैसे धार्मिक स्थल शामिल हैं, जो देश भर में श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाते हैं।
यात्रियों को मिलेगी पूर्ण सुविधाएं
यात्रा की अवधि 12 रात और 13 दिन की होगी, जिसमें यात्रियों को भोजन, आवास, स्थानीय यात्रा के लिए बस सेवा, सुरक्षा व्यवस्था, भजन-कीर्तन आदि तमाम सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। यह सुनिश्चित किया गया है कि यात्रा आरामदायक और यादगार हो।
समूह यात्रियों के लिए विशेष छूट
आईआरसीटीसी के अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी कि यदि कोई समूह दस या उससे अधिक यात्रियों का होगा, तो उन्हें विशेष छूट का लाभ मिलेगा। यह पहल यात्रियों के लिए आर्थिक दृष्टि से भी सहायक साबित होगी।
0 comments:
Post a Comment