बुजुर्ग महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा
बजट में सबसे बड़ी घोषणा 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा देने की रही। यह योजना अब तक की अस्थायी रक्षाबंधन सुविधा को स्थायी रूप देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सरकार ने इस योजना को शुरू करने के लिए एक लाख रुपये की टोकन राशि बजट में रखी है, जो योजना की औपचारिक शुरुआत का प्रतीक है।
आर्थिक सशक्तिकरण के लिए नई पहलें
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर भी बजट में खास ध्यान दिया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग के बजट को बढ़ाकर 18,620 करोड़ रुपये कर दिया गया है, जो पिछले साल की तुलना में 11 प्रतिशत अधिक है। इसके तहत नई योजनाओं की शुरुआत की जा रही है:
उप्र महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड योजना: स्वयं सहायता समूहों और महिलाओं को उद्यमिता की दिशा में बढ़ावा देने के लिए 151.04 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
श्रमजीवी महिला छात्रावास: छह शहरों अयोध्या, बरेली, अलीगढ़, मिर्जापुर, सहारनपुर और मुरादाबाद में 500-500 बेड के सुरक्षित और सस्ते महिला छात्रावास बनाए जाएंगे। इस योजना के लिए 80 करोड़ रुपये रखे गए हैं। इससे कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक रहने की सुविधा मिलेगी।
महिला उद्यमी उत्पाद विपणन योजना: महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों की बिक्री बढ़ाने के लिए विशेष मार्ट खोले जाएंगे, जहां स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण महिलाओं के उत्पाद बेचे जा सकेंगे। इसके लिए 100 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।

0 comments:
Post a Comment