बिहार में ANM-GNM भर्ती को लेकर बड़ी खबर, सरकार ने दी खुशखबरी

पटना। बिहार में नर्सिंग शिक्षा से जुड़े छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य सरकार ने एएनएम और जीएनएम परीक्षाओं को नियमित करने का फैसला किया है। यह घोषणा बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने की। उन्होंने बताया कि लंबे समय से लंबित परीक्षाओं को अब पटरी पर लाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

सरकार ने माना कि पिछले तीन वर्षों से एएनएम और जीएनएम परीक्षाएं स्थगित रही हैं, जिससे हजारों छात्रों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित हुआ। जदयू विधायक मनजीत सिंह के सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि अब परीक्षा कैलेंडर को नियमित बनाने पर जोर दिया जाएगा और सभी प्रक्रियाओं को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा।

मार्च–अप्रैल में होगी परीक्षा

मंत्री के अनुसार सत्र 2023-24 की परीक्षा मार्च–अप्रैल में आयोजित की जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं। सरकार ने आश्वासन दिया कि भविष्य में परीक्षाओं का नियमित शेड्यूल रहेगा और परिणाम समय पर घोषित किए जाएंगे।

50 हजार से अधिक छात्रों को राहत

राज्य में एएनएम और जीएनएम पाठ्यक्रम से जुड़े लगभग 50 हजार छात्र-छात्राएं इस फैसले से सीधे लाभान्वित होंगे। लंबे समय से छात्रों और छात्र संगठनों द्वारा परीक्षा कराने की मांग की जा रही थी। अब परीक्षा की तिथि तय होने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।

दरअसल बिहार सरकार के इस कदम से नर्सिंग शिक्षा में स्थिरता आएगी और विद्यार्थियों को अपने करियर की दिशा स्पष्ट होने का अवसर मिलेगा। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि शेष लंबित सत्रों की परीक्षाएं भी जल्द आयोजित की जाएंगी।

0 comments:

Post a Comment