यूपी में निराश्रित महिलाओं को बड़ी राहत, पेंशन राशि बढ़ाकर 1500 रुपये प्रति माह

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य की निराश्रित महिलाओं को बड़ी राहत देते हुए उनकी मासिक पेंशन राशि में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। अब तक हर माह 1000 रुपये पाने वाली पात्र महिलाओं को अब 1500 रुपये प्रति माह मिलेंगे। यानी हर महीने 500 रुपये की अतिरिक्त सहायता दी जाएगी। इस फैसले को महंगाई के दौर में राहत भरा कदम माना जा रहा है।

बजट में बड़ा फैसला

प्रदेश सरकार ने अपने हालिया बजट में यह घोषणा की। अभी तक लाभार्थियों के खातों में हर तीन महीने पर 3000 रुपये की किस्त भेजी जाती थी। अब बढ़ी हुई दर के अनुसार यह राशि 4500 रुपये प्रति तिमाही हो जाएगी। सरकार का कहना है कि यह कदम आर्थिक रूप से कमजोर और निराश्रित महिलाओं को बेहतर सहारा देने के उद्देश्य से उठाया गया है।

महिलाओं ने जताई खुशी

पेंशन बढ़ाने के फैसले पर लाभार्थियों ने संतोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि बढ़ती महंगाई में 1000 रुपये प्रतिमाह पर्याप्त नहीं थे। एक हजार रुपये में खर्च चलाना बेहद कठिन था। हालांकि बढ़ोतरी बहुत बड़ी नहीं है, लेकिन अतिरिक्त 500 रुपये से कुछ जरूरी जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी। पहले हर तीन महीने में 3 हजार रुपये मिलते थे, अब यह राशि बढ़कर 4,500 रुपये हो जाएगी।

महंगाई के दौर में सहारा

दरअसल, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं समाज के कमजोर वर्गों के लिए सुरक्षा कवच का काम करती हैं। खाद्य पदार्थों, दवाइयों और दैनिक जरूरतों की बढ़ती कीमतों को देखते हुए पेंशन राशि में बढ़ोतरी जरूरी कदम था। हालांकि कुछ लोगों का यह भी कहना है की बढ़ती लागत के मुकाबले यह बढ़ोतरी सीमित है, फिर भी इससे दैनिक खर्चों में कुछ संतुलन बनाने में मदद मिलेगी।

0 comments:

Post a Comment