मोदी युग में बजट का विस्तार, देश का बजट तीन गुना बढ़ा

नई दिल्ली: देश की आर्थिक नीति में पिछले एक दशक के दौरान बड़ा बदलाव देखने को मिला है। केंद्र सरकार के बजट का आकार लगातार बढ़ता गया है और यह अब ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच चुका है। वर्ष 2014-15 में जहां कुल केंद्रीय बजट 17.95 लाख करोड़ रुपये का था, वहीं 2025-26 तक यह बढ़कर 50.65 लाख करोड़ रुपये हो गया है। आंकड़े साफ संकेत देते हैं कि मोदी सरकार के कार्यकाल में बजट का आकार लगभग तीन गुना हो चुका है।

विकास और वित्तीय संतुलन की चुनौती

बढ़ते बजट के साथ सरकार के सामने राजकोषीय अनुशासन बनाए रखने की चुनौती भी बनी हुई है। कोविड के दौरान जब राजकोषीय घाटा 9 प्रतिशत से अधिक पहुंच गया था, तब कई सवाल उठे थे। हालांकि बाद के वर्षों में सरकार ने घाटे को नियंत्रित करते हुए इसे वित्त वर्ष 2025-26 में करीब 4.4 प्रतिशत तक लाने में सफलता हासिल की है। आर्थिक विशेषज्ञों का मानना है कि बजट 2026-27 में भी सरकार विकास की रफ्तार बनाए रखने के साथ-साथ वित्तीय संतुलन से समझौता नहीं करेगी।

मोदी युग में साल दर साल कैसे बढ़ता गया बजट

2014-15: मोदी सरकार के पहले बजट में कुल खर्च 17.95 लाख करोड़ रुपये रहा।

2015-16: बजट का आकार लगभग स्थिर रहा और यह 17.77 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

2016-17: केंद्र सरकार का बजट बढ़कर 19.78 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचा।

2017-18: बजट में और विस्तार हुआ और कुल राशि 21.47 लाख करोड़ रुपये रही।

2018-19: विकास योजनाओं के चलते बजट बढ़कर 24.42 लाख करोड़ रुपये हो गया।

2019-20: सरकार का कुल बजट 27.86 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंचा।

2020-21: कोविड काल में खर्च बढ़ने से बजट 30.42 लाख करोड़ रुपये रहा।

2021-22: आर्थिक संभलाव के बीच बजट का आकार 34.83 लाख करोड़ रुपये तक बढ़ा।

2022-23: केंद्र सरकार का बजट 39.45 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

2023-24: बजट ने 45.03 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया।

2024-25: जुलाई में पेश पूर्ण बजट में कुल खर्च 48.21 लाख करोड़ रुपये तय हुआ।

2025-26: केंद्र का बजट रिकॉर्ड बढ़त के साथ 50.65 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया।

0 comments:

Post a Comment