पीएफ ट्रस्ट में काम करने वाले कर्मचारियों के अधिकार क्यों महत्वपूर्ण हैं?
देश में कई बड़ी कंपनियां अपने कर्मचारियों का पीएफ सीधे ईपीएफओ में जमा करने के बजाय अपने निजी ट्रस्ट के माध्यम से संचालित करती हैं। ऐसे में कई बार कर्मचारियों को यह आशंका रहती थी कि उनके फंड, ब्याज या निकासी अधिकारों में अंतर हो सकता है। नई व्यवस्था में यह साफ कर दिया गया है कि किसी भी कर्मचारी के अधिकारों में किसी तरह की कमी नहीं होगी, चाहे उसका पीएफ ईपीएफओ में जमा हो या किसी निजी ट्रस्ट में।
कर्मचारी को मिलने वाले प्रमुख 4 अधिकार
1. यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) और PF खाता अनिवार्य
नई व्यवस्था के अनुसार, जब भी कोई कर्मचारी किसी ऐसी कंपनी में नौकरी शुरू करता है जिसका अपना पीएफ ट्रस्ट है, तो उसका पीएफ खाता तुरंत बनाया जाएगा और उसे UAN से लिंक करना जरूरी होगा। इससे कर्मचारी अपने पीएफ की जानकारी कहीं भी आसानी से देख सकता है और उसका रिकॉर्ड एक ही सिस्टम में सुरक्षित रहता है।
2. योगदान का स्पष्ट और पारदर्शी विभाजन
कर्मचारी की सैलरी से कटने वाला 12% पीएफ योगदान सीधे उसके पीएफ खाते में जमा किया जाएगा। वहीं नियोक्ता का योगदान दो हिस्सों में बांटा जाएगा। एक हिस्सा पेंशन योजना (EPS-95) में जाएगा, बाकी हिस्सा निजी पीएफ ट्रस्ट में जमा होगा। यदि कोई कर्मचारी पेंशन योजना के दायरे में नहीं आता है, तो नियोक्ता का पूरा योगदान उसके पीएफ खाते में ही जमा किया जाएगा।
3. जानकारी और डिजिटल पारदर्शिता का अधिकार
अब कंपनियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि कर्मचारी अपने पीएफ खाते की जानकारी आसानी से देख सकें। इसके लिए डिजिटल पासबुक और ऑनलाइन एक्सेस की सुविधा देना अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा वित्त वर्ष के अंत में कर्मचारियों को मुफ्त में पीएफ पासबुक उपलब्ध कराना भी जरूरी होगा। इससे कर्मचारी अपने फंड की पूरी स्थिति समय-समय पर जान सकेंगे।
4. समय पर निकासी और ट्रांसफर का अधिकार
कर्मचारियों को अब पीएफ निकासी और ट्रांसफर की सुविधा समयबद्ध तरीके से मिलेगी। चाहे मामला मेडिकल इमरजेंसी, शिक्षा, शादी या घर खरीदने का हो, या फिर नौकरी बदलने का सभी प्रक्रियाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी करनी होंगी। इससे कर्मचारियों को लंबे इंतजार और अनावश्यक देरी से राहत मिलेगी।
ब्याज दर को लेकर नई सीमा
नए नियमों के तहत निजी पीएफ ट्रस्ट अब ईपीएफओ द्वारा तय ब्याज दर से बहुत अधिक लाभ नहीं दे सकेंगे। अधिकतम 2% से ज्यादा अतिरिक्त ब्याज देने पर रोक लगा दी गई है। इस कदम का उद्देश्य उन जोखिमों को कम करना है, जहां कुछ ट्रस्ट ज्यादा ब्याज का लालच देकर निवेश को असुरक्षित बना देते थे। इससे कर्मचारियों की मेहनत की कमाई सुरक्षित रहेगी।
नियमों का पालन नहीं होने पर क्या करें?
ईयदि किसी कर्मचारी को उसके पीएफ से जुड़े अधिकार नहीं मिलते हैं, तो वह पहले कंपनी के ट्रस्ट या नियोक्ता से शिकायत कर सकता है। समाधान न मिलने पर वह ईपीएफओ के क्षेत्रीय कार्यालय में संपर्क कर सकता है या ऑनलाइन शिकायत पोर्टल के जरिए अपनी समस्या दर्ज करा सकता है।

0 comments:
Post a Comment