बिहार में बिछेगी नई रेल लाइन, इन इलाकों के लिए बड़ी खुशखबरी!

पटना। बिहार में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। अनुग्रह नारायण रोड रेलवे स्टेशन से औरंगाबाद शहर तक करीब 12 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन बिछाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।

85 एकड़ से ज्यादा जमीन का होगा अधिग्रहण

नई रेल लाइन के लिए जिला भू-अर्जन कार्यालय ने करीब 85.9118 एकड़ जमीन अधिग्रहित करने की प्रक्रिया शुरू की है। यह रेल लाइन सदर प्रखंड के 11 मौजों से होकर गुजरेगी। इनमें जम्होर, जगदीशपुर, जोकहरी, भरथौली, सुशनार, खैराबिंद, मोरौली, कठौतिया, रामपुर, परसा और कर्मा भगवान शामिल हैं। परियोजना के तहत उत्तर परसा गांव में श्री सीमेंट के पास टर्मिनल बनाने का भी प्रस्ताव है। इससे रेल सेवा शहर के काफी नजदीक पहुंचने की उम्मीद है।

व्यापार और आवाजाही को मिलेगा फायदा

नई रेल लाइन बनने के बाद औरंगाबाद की रेल कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है। इससे पटना समेत दूसरे शहरों तक आने-जाने में सुविधा बढ़ सकती है। कारोबार, शिक्षा, रोजगार और यात्री परिवहन के लिहाज से भी परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

औरंगाबाद-बिहटा रेल परियोजना का हिस्सा

यह नई रेल लाइन औरंगाबाद-बिहटा रेल परियोजना से जुड़ी हुई है। परियोजना पूरी होने पर क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को नया विस्तार मिलने की उम्मीद है। अब प्रशासन के सामने विकास कार्य को आगे बढ़ाने के साथ प्रभावित जमीन मालिकों की व्यावहारिक समस्याओं का समाधान करने की चुनौती भी है।

0 comments:

Post a Comment