यूपी सरकार का बड़ा ऐलान, 3 लाख छात्रों के लिए बड़ी खुशखबरी!

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उन छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है, जो तकनीकी या प्रक्रियागत दिक्कतों के कारण वित्तीय वर्ष 2025-26 में दशमोत्तर छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ नहीं ले पाए थे। सरकार ने ऐसे पात्र विद्यार्थियों को एक और मौका देने का फैसला किया है। इसके तहत छात्रवृत्ति पोर्टल को दोबारा खोला जाएगा और पात्र छात्रों के खातों में राशि भेजी जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्रवृत्ति से वंचित रह गए विद्यार्थियों के लिए आवेदन की व्यवस्था जल्द शुरू की जाए। सरकार का लक्ष्य है कि पात्र विद्यार्थियों को 2 अक्टूबर तक छात्रवृत्ति की राशि उपलब्ध करा दी जाए।

3.16 लाख से ज्यादा विद्यार्थी रह गए थे वंचित

विभाग के अनुसार, वर्ष 2025-26 में तकनीकी कारणों के चलते 3,16,057 छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति का लाभ नहीं ले सके थे। इनमें सरकारी संस्थानों के 31,836, सहायता प्राप्त संस्थानों के 37,795 और निजी संस्थानों के 2,46,426 विद्यार्थी शामिल हैं। सरकार की नई व्यवस्था से इन पात्र विद्यार्थियों को दोबारा आवेदन करने का अवसर मिलेगा।

1 सितंबर से फिर खुलेगा पोर्टल

छात्रवृत्ति के लिए पोर्टल 1 सितंबर से दोबारा खोले जाने का निर्णय लिया गया है। पात्र विद्यार्थी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकेंगे। विभाग का उद्देश्य तकनीकी वजहों से छूटे विद्यार्थियों को योजना के दायरे में लाना है।

सभी वर्गों के पात्र छात्रों को लाभ

इस व्यवस्था का लाभ अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सामान्य वर्ग और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को मिलेगा। आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्रवृत्ति की राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

29 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच भुगतान

सरकार की योजना के मुताबिक छात्रवृत्ति का भुगतान 29 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच किया जाएगा। इससे उन विद्यार्थियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें तकनीकी अड़चनों के कारण पहले भुगतान नहीं मिल पाया था।

0 comments:

Post a Comment