यूपी में इन कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी, मिली तरक्की!

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राजस्व विभाग से जुड़े अधिकारियों के लिए बड़ी खबर है। नियमित चयन प्रक्रिया के तहत 332 नायब तहसीलदारों को तहसीलदार पद पर पदोन्नति दी गई है। इसके साथ ही इन अधिकारियों की नई तैनाती के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। राजस्व आयुक्त एवं सचिव कंचन वर्मा की ओर से जारी आदेश के बाद संबंधित अधिकारियों को नए पद पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

कई जिलों में हुई तैनाती

प्रोन्नत तहसीलदारों को मेरठ, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा, लखनऊ, अलीगढ़, अमरोहा, बांदा, हमीरपुर, अंबेडकरनगर, जौनपुर, रायबरेली, कुशीनगर, चित्रकूट और सिद्धार्थनगर समेत कई जिलों में भेजा गया है। बड़े जिलों में तीन-तीन अधिकारियों की तैनाती की गई है। इन अधिकारियों को जिले के भीतर तहसीलों का आवंटन संबंधित जिलाधिकारी करेंगे। इसके अलावा कुछ प्रोन्नत अधिकारियों को यूपीडा, मेला प्राधिकरण और विकास प्राधिकरण जैसे संस्थानों में भी जिम्मेदारी दी गई है।

तुरंत संभालना होगा नया पद

नई तैनाती के आदेश के साथ अधिकारियों को कार्यभार ग्रहण करने की समयसीमा भी तय कर दी गई है। निर्देश के अनुसार 25 अगस्त तक नए स्थान पर कार्यभार ग्रहण करना जरूरी है। निर्धारित समय तक कार्यभार नहीं संभालने वाले अधिकारियों को स्वतः कार्यमुक्त माना जाएगा।

वेतन और रिकॉर्ड को लेकर भी निर्देश

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि समय पर नई तैनाती वाले स्थान पर कार्यभार नहीं संभालने पर पूर्व तैनाती वाले स्थान से वेतन नहीं मिलेगा। वहीं जिलाधिकारियों को संबंधित अधिकारियों के अवमुक्त होने और नए पद पर कार्यभार ग्रहण करने की जानकारी मानव संपदा पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब प्रोन्नत अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां तय होंगी और जिलों में राजस्व संबंधी कामकाज को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment