कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश
अगले 24 घंटे के दौरान खासकर उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ हिस्सों में मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बारिश के साथ उमस भी करेगी परेशान
बादलों की आवाजाही और बीच-बीच में बारिश के बावजूद प्रदेश में उमस का असर बना रह सकता है। बीते 24 घंटे में भी कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। नालंदा के हिलसा में 78.6 मिमी बारिश हुई, जबकि पटना के खुसरूपुर में 18.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
शुक्रवार को अररिया, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण और किशनगंज में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए चेतावनी जारी की गई है। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
24 अगस्त तक बना रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार मानसून ट्रफ के प्रभाव से बिहार के अलग-अलग हिस्सों में छिटपुट बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। 24 अगस्त तक प्रदेश में मानसून के असर से बारिश का दौर बने रहने की संभावना है। हालांकि हर जिले में बारिश की तीव्रता एक जैसी नहीं होगी। कहीं हल्की फुहारें पड़ सकती हैं तो कुछ इलाकों में तेज बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है।

0 comments:
Post a Comment