बिहार में ये सड़क होगा फोरलेन, इन जिलों के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी!

पटना। बिहार के उत्तर हिस्से में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया गया है। मुजफ्फरपुर से सीतामढ़ी होते हुए सोनबरसा तक करीब 82.58 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन में विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार ने करीब 3,591 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।

सफर होगा तेज और सुरक्षित

फोरलेन बनने के बाद मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी और सोनबरसा के बीच आवागमन पहले से आसान होने की उम्मीद है। सड़क को 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की डिजाइन गति के अनुसार तैयार किया जाएगा। परियोजना में 7 बड़े पुल, 3 रेलवे ओवरब्रिज और 2 बड़े फ्लाईओवर भी बनाए जाएंगे। इनमें बागमती नदी पर बनने वाला करीब 340 मीटर लंबा पुल भी शामिल है।

नेपाल सीमा तक कनेक्टिविटी

यह सड़क सोनबरसा के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र को मुजफ्फरपुर से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगी। फोरलेन बनने से रास्ते में आने वाले प्रमुख बाजारों में जाम की समस्या कम होने और मालवाहक वाहनों की आवाजाही तेज होने की उम्मीद है।

व्यापार और पर्यटन को मिलेगा फायदा

बेहतर सड़क संपर्क से कृषि उत्पादों और अन्य सामान की आवाजाही आसान होगी। साथ ही सीतामढ़ी के पुनौरा धाम और मुजफ्फरपुर के बाबा गरीबनाथ मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों तक पहुंच भी सुविधाजनक हो सकती है। इससे व्यापार, रोजगार और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment