यूपी सरकार के 5 बड़े फैसले, छात्रों से लेकर बुजुर्गों तक को बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने समाज कल्याण से जुड़ी योजनाओं को लेकर कई अहम निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए। इन फैसलों का असर विद्यार्थियों, बुजुर्गों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं पर पड़ेगा।

1. सर्वोदय विद्यालयों में सुधरेगी व्यवस्था

जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों के संचालन को बेहतर बनाने के लिए नए नियम तैयार किए जाएंगे। खाली पड़े शिक्षकों के पदों को जल्द भरने और जरूरी कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालयों के बेहतर प्रबंधन के लिए सोसाइटी बनाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी। प्रदेश में अब 103 सर्वोदय विद्यालय संचालित हैं।

2. बुजुर्गों की पेंशन का रास्ता होगा आसान

राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के लंबित आवेदनों का जल्द सत्यापन कर पात्र बुजुर्गों को लाभ देने का निर्देश दिया गया है। वर्तमान में करीब 11.50 लाख नए आवेदन लंबित हैं। सरकार का लक्ष्य है कि पात्र लोगों को पेंशन के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

3. युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी

मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना को विस्तार देने पर भी जोर दिया गया। प्रदेश के 75 जिलों में 163 केंद्र चल रहे हैं, जहां 23,801 विद्यार्थी UPSC, PCS, NEET, JEE और NDA/CDS जैसी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। सरकार अब इन केंद्रों पर मार्गदर्शन और पढ़ाई की गुणवत्ता बेहतर करेगी।

4. 3.16 लाख छात्रों को छात्रवृत्ति का एक और मौका

छात्रवृत्ति से वंचित करीब 3.16 लाख विद्यार्थियों के लिए आवेदन पोर्टल दोबारा खोलने की तैयारी है। इनमें सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी संस्थानों के छात्र शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि पात्र विद्यार्थियों को हर हाल में 2 अक्टूबर तक छात्रवृत्ति की राशि उपलब्ध कराई जाए।

5. सरकारी योजनाओं की तकनीकी दिक्कतें होंगी दूर

सरकार ने छात्रवृत्ति और पेंशन समेत दूसरी योजनाओं में आने वाली तकनीकी और प्रक्रियागत परेशानियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को लंबित मामलों पर तेजी से कार्रवाई करने और पात्र लाभार्थियों को समय पर सरकारी सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है।

0 comments:

Post a Comment