कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी! 31 अक्टूबर तक EPF में शामिल होने का मौका

नई दिल्ली। नौकरीपेशा लोगों के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने एक अहम पहल शुरू की है। इसके तहत ऐसे पात्र कर्मचारियों को EPF के दायरे में लाने का मौका दिया जा रहा है, जो पहले पात्र होने के बावजूद भविष्य निधि योजना से नहीं जुड़ पाए थे। Employees’ Enrolment Campaign 2026 (EEC 2026) नाम से शुरू यह अभियान 31 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।

किन कर्मचारियों को मिलेगा मौका?

अभियान के तहत उन कर्मचारियों का नामांकन किया जा सकता है, जिन्हें 1 अप्रैल 2009 से 31 मार्च 2026 के बीच पात्र होने के बावजूद EPF कवरेज नहीं मिला। हालांकि, इसके लिए कुछ शर्तें भी निर्धारित हैं। कर्मचारी के नाम की घोषणा होने के समय उसका उसी संस्थान में कार्यरत होना जरूरी है। साथ ही वह जीवित होना चाहिए। पात्रता पूरी करने वाले कर्मचारियों को इस विशेष अभियान के माध्यम से EPF से जोड़ा जा सकेगा।

नियोक्ताओं को रिकॉर्ड जांचने होंगे

EPFO ने कंपनियों और अन्य नियोक्ताओं से अपने पुराने कर्मचारियों और वेतन से जुड़े रिकॉर्ड की समीक्षा करने को कहा है। इसका मकसद ऐसे कर्मचारियों की पहचान करना है, जिनका EPF में नामांकन पहले नहीं हो पाया था। नामांकन की प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की जाएगी। घोषित कर्मचारी के लिए Face Authentication के माध्यम से UAN बनाया जाएगा और इसके लिए UMANG ऐप का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत योगदान जमा किया जाएगा।

पुराने मामलों में मिल सकती है राहत

EEC 2026 की खास बात यह है कि पुराने EPF मामलों को नियमित करने के लिए कुछ राहत का प्रावधान किया गया है। यदि किसी कर्मचारी के वेतन से पहले उसका EPF हिस्सा काटा ही नहीं गया था, तो अभियान की शर्तों के तहत उस अवधि के कर्मचारी योगदान में राहत मिल सकती है।

वहीं, नियोक्ता को नियमों के अनुसार अपना हिस्सा, ब्याज, प्रशासनिक शुल्क और निर्धारित अन्य राशि जमा करनी होगी। इससे उन प्रतिष्ठानों को पुराने रिकॉर्ड दुरुस्त करने का अवसर मिलेगा, जहां पात्र कर्मचारी EPF से बाहर रह गए थे।

0 comments:

Post a Comment