23 राज्यों में बारिश और आंधी का खतरा
आज यूपी, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, त्रिपुरा, नागालैंड, सिक्किम, मणिपुर, कर्नाटक, तेलंगाना, केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी संभव है। मौसम में इस बदलाव की बड़ी वजह उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र है। इसके प्रभाव से पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में आज बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
यूपी में इन जिलों में अलर्ट
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, आगरा, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, बांदा, हमीरपुर, झांसी समेत कई जिलों में बारिश और आंधी का असर रह सकता है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
बिहार में भी तेज बारिश
बिहार के पटना, गया, जहानाबाद, भोजपुर, बक्सर, सीवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, भागलपुर, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, मुंगेर और खगड़िया में बारिश और आंधी का अलर्ट है। कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं। पटना में तापमान 35 डिग्री के आसपास रह सकता है।
पहाड़ी राज्यों में बढ़ी चिंता
उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं की संभावना है। वहीं हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की आशंका है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और अचानक सड़क बाधित होने जैसी स्थिति को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

0 comments:
Post a Comment