यूपी सरकार का बड़ा फैसला, पशुपालकों के लिए 4 बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पशुओं को लंपी स्किन डिजीज से बचाने के लिए सरकार ने निगरानी और टीकाकरण अभियान तेज कर दिया है। प्रदेश के 25 जनपदों में 606 टीमें लगाई गई हैं, जो गांवों में पहुंचकर पशुओं की जांच, उपचार और वैक्सीनेशन का काम कर रही हैं।

16 लाख से ज्यादा पशुओं को लगी वैक्सीन

विभाग के मुताबिक अब तक 16,08,548 पशुओं का टीकाकरण किया जा चुका है। वहीं लंपी संक्रमण से 9,003 पशुओं के प्रभावित होने की सूचना मिली है। संक्रमित पशुओं को अलग रखने के साथ उनके इलाज और स्वास्थ्य निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

संक्रमण रोकने के लिए कई स्तर पर तैयारी

अपर मुख्य सचिव पशुधन मुकेश मेश्राम ने अधिकारियों को रिंग वैक्सीनेशन, संक्रमित पशुओं को आइसोलेट करने, कीट नियंत्रण, साफ-सफाई और कीटाणुशोधन जैसे उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं। गांवों में शिविर लगाकर टीकाकरण बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है।

पशुपालकों को भी किया जा रहा जागरूक

विभागीय टीमें पशुपालकों को बीमारी के लक्षण और बचाव के तरीके बता रही हैं। शरीर पर गांठें, बुखार या त्वचा संबंधी घाव दिखाई देने पर पशु चिकित्सक से तुरंत संपर्क करने की सलाह दी जा रही है। पशु सखी, पैरावेट और मैत्री को भी अभियान में सक्रिय भूमिका के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

गोशालाओं में चारे की व्यवस्था पर भी जोर

सरकार ने गो आश्रय स्थलों में हरे चारे की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए हैं। जनप्रतिनिधियों, गोपालकों और गोशाला संचालकों के साथ जागरूकता बैठकें आयोजित कर बीमारी से बचाव की जानकारी पहुंचाई जा रही है। उद्देश्य समय रहते संक्रमण पकड़कर पशुधन और पशुपालकों को होने वाले नुकसान को कम करना है।

0 comments:

Post a Comment