खुशखबरी का ऐलान! यूपी के इन कर्मचारियों की सैलरी बढ़ी, अगले महीने से मिलेगा फायदा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के लिए सरकार ने दो अहम फैसले लागू किए हैं। अब ड्यूटी करने वाले जवानों को पहले के मुकाबले ज्यादा दैनिक भत्ता मिलेगा। इसके साथ उनके परिवार को भी स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ दिया जाएगा।

500 से बढ़कर 600 रुपये हुआ दैनिक भत्ता

शासनादेश जारी होने के साथ पीआरडी जवानों का दैनिक भत्ता 500 रुपये से बढ़कर 600 रुपये हो गया है। यानी हर ड्यूटी वाले दिन 100 रुपये अतिरिक्त मिलेंगे। नई दर का भुगतान अगले महीने से किया जाएगा।

परिवार को 5 लाख तक कैशलेस इलाज

सरकार ने जवानों और उनके आश्रित परिवार के लिए हर साल 5 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की व्यवस्था भी की है। इस सुविधा का लाभ सरकारी अस्पतालों के अलावा साचीज से जुड़े निजी अस्पतालों में भी लिया जा सकेगा। इस स्वास्थ्य बीमा के लिए प्रति जवान करीब 3,000 रुपये का सालाना प्रीमियम सरकार खुद वहन करेगी। प्रदेश में फिलहाल 31,130 पीआरडी जवान कार्यरत हैं और इनके प्रीमियम के लिए करीब 9.34 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।

पुलिस के सहयोगी के रूप में निभाते हैं ड्यूटी

पीआरडी का गठन 11 दिसंबर 1948 को हुआ था। जवानों को पुलिस के सहयोग के साथ सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों में लगाया जाता है। थानों, पुलिस लाइन, सरकारी कार्यालयों, यातायात व्यवस्था, चुनाव, मेलों और बड़े आयोजनों में भी इनकी सेवाएं ली जाती हैं। प्राकृतिक आपदा के दौरान भी पीआरडी स्वयंसेवक प्रशासन की मदद करते हैं।

0 comments:

Post a Comment