बिहार में बिगड़ेगा मौसम! इन 18 जिलों में बारिश के आसार

पटना। बिहार में मानसून की सक्रियता अब धीरे-धीरे कमजोर पड़ रही है, लेकिन अगले कुछ दिनों तक कई हिस्सों में बादल और हल्की बारिश का सिलसिला बना रह सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार अगले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर छिटपुट वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ उमस भी लोगों को परेशान कर सकती है।

इन जिलों में हो सकती है बारिश

पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा, बेगूसराय, रोहतास, कैमूर, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद के अलावा पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज और सीवान में कहीं-कहीं बारिश के आसार हैं।

बक्सर में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश दर्ज की गई। बक्सर के ब्रह्मपुर में 46.8 मिमी वर्षा हुई, जो इस अवधि में सबसे अधिक रही। वहीं पटना समेत करीब 10 शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

पांच दिन तापमान में बड़ा बदलाव नहीं

शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि 37.1 डिग्री के साथ कैमूर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। बादलों और तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच उमस का असर बना रह सकता है।

अक्टूबर तक लौट सकता है मानसून

दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से शुरू हो गई है। बिहार से मानसून की वापसी अक्टूबर के मध्य तक होने की संभावना जताई गई है। इस बीच बारिश का जोर पहले की तुलना में कम रह सकता है।

0 comments:

Post a Comment