बिना बैंक खाते के NEFT से भेज सकेंगे 50 हजार रुपये
RBI के नए नियमों के तहत बैंक शाखा में आने वाला व्यक्ति NEFT के जरिए किसी लाभार्थी के खाते में अधिकतम 50,000 रुपये ट्रांसफर कर सकता है। इसके लिए खुद का बैंक खाता होना जरूरी नहीं है। वहीं, कैश पे-आउट सुविधा के तहत भी पैसे भेजने की व्यवस्था है, लेकिन इसमें अलग-अलग सीमाएं निर्धारित की गई हैं।
कैश पे-आउट पर तय हुई इतनी लिमिट
नकद भुगतान की सुविधा के तहत एक ट्रांजेक्शन में अधिकतम 10,000 रुपये भेजे जा सकेंगे। वहीं, एक लाभार्थी के लिए महीनेभर में कुल 25,000 रुपये की सीमा तय की गई है। इस सुविधा के जरिए बैंक खाते में मौजूद रकम किसी ऐसे व्यक्ति तक पहुंचाई जा सकती है, जिसका खुद का बैंक अकाउंट नहीं है। लाभार्थी ATM, बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट या अन्य अधिकृत माध्यमों से पैसे प्राप्त कर सकता है।
पैसे भेजने के लिए KYC और मोबाइल वेरिफिकेशन
RBI ने मनी ट्रांसफर से जुड़ी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए KYC नियमों का पालन अनिवार्य किया है। बैंक और बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट को ग्राहक का सत्यापित मोबाइल नंबर और वैध पहचान दस्तावेज लेना होगा। इसके अलावा प्रत्येक ट्रांजेक्शन को अतिरिक्त प्रमाणीकरण यानी AFA के जरिए सत्यापित करना जरूरी होगा।
धोखाधड़ी रोकने के लिए भी होंगे खास इंतजाम
नए दिशानिर्देशों में बैंकों और भुगतान सेवा प्रदाताओं को संदिग्ध लेन-देन पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए ट्रांजेक्शन की संख्या और गति की निगरानी की जाएगी। किसी खाते में अचानक असामान्य रूप से अधिक पैसा आने पर उसकी जांच करनी होगी। साथ ही ग्राहकों को लेन-देन से जुड़े अलर्ट भी भेजे जाएंगे।

0 comments:
Post a Comment