बिहार सरकार का फैसला, ग्रामीण महिलाओं के लिए 1 बड़ी खुशखबरी

पटना। बिहार की ग्रामीण महिलाओं को रोजगार से जोड़ने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार नई पहल करने जा रही है। अब राज्य की सभी 8,053 ग्राम पंचायतों में जीविका सुधा बिक्री केंद्र खोले जाएंगे। इन केंद्रों के माध्यम से जीविका दीदियों को गांव में ही अपना कारोबार शुरू करने का अवसर मिलेगा। इससे महिलाओं की आमदनी बढ़ने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे।

जीविका दीदियां संभालेंगी बिक्री केंद्र की जिम्मेदारी

इस योजना की सबसे खास बात यह है कि सुधा बिक्री केंद्रों का संचालन जीविका दीदियां करेंगी। यहां ग्रामीणों को दूध, दही, घी, पनीर समेत सुधा के अन्य उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे गांव के लोगों को जरूरी सामान खरीदने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। विभागीय जानकारी के मुताबिक, केंद्र खोलने के लिए 7,821 पंचायतों से आवेदन मिले हैं। इनमें 7,129 पंचायतों की शॉर्टलिस्टिंग और 6,933 पंचायतों में लाभार्थियों का चयन पूरा हो चुका है।

कारोबार शुरू करने के लिए मिलेंगे 60 हजार

महिलाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने में पैसों की परेशानी न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 60 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान किया गया है। पहले चरण में 3,697 परिवारों को इसके लिए चिह्नित किया गया है। जीविका संगठन महिलाओं को चयन और जरूरी कागजी प्रक्रिया में मदद करेंगे। वहीं, कॉम्फेड की ओर से बिक्री केंद्रों तक दूध और दूसरे उत्पादों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

गांवों में बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

इस योजना से ग्रामीण महिलाओं को अपने ही गांव में रोजगार करने का मौका मिलेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर कारोबार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। सरकार की इस पहल से जीविका दीदियां केवल रोजगार पाने वाली नहीं, बल्कि अपना व्यवसाय चलाने वाली उद्यमी भी बन सकेंगी।

0 comments:

Post a Comment