CM योगी का ऐलान! यूपी के किसान परिवारों के लिए 1 बड़ी खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के किसानों और युवाओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक साथ दो बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। राज्य सरकार की ओर से आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में एक तरफ सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे, वहीं दूसरी तरफ दुर्घटना से प्रभावित किसान परिवारों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये की आर्थिक सहायता पहुंचाई जाएगी। सरकार के इस कदम से हजारों परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां राजस्व विभाग में चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे। इन सभी अभ्यर्थियों का चयन उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की भर्ती प्रक्रिया के जरिए किया गया है। लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए यह कार्यक्रम एक बड़ी उपलब्धि साबित होगा।

4300 किसान परिवारों के खाते में भेजे जाएंगे 215 करोड़ रुपये

इस कार्यक्रम की सबसे अहम घोषणा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना से जुड़ी है। इसके तहत प्रदेश के 4,300 पात्र किसान परिवारों को कुल 215 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में यह रकम हस्तांतरित करेंगे।

इस योजना का उद्देश्य उन किसान परिवारों को आर्थिक सहारा देना है, जिनके घर का सदस्य किसी दुर्घटना का शिकार हुआ है। दुर्घटना के कारण परिवार पर आने वाले आर्थिक संकट को कम करने के लिए सरकार की ओर से सहायता उपलब्ध कराई जाती है। ऐसे में मिलने वाली राशि प्रभावित परिवारों के लिए मुश्किल समय में काफी मददगार हो सकती है।

युवाओं को सरकारी नौकरी देने पर सरकार का जोर

योगी सरकार प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ाने और सरकारी विभागों में खाली पदों को भरने पर भी लगातार जोर दे रही है। सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, पिछले साढ़े नौ वर्षों में करीब 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। इसके अलावा आने वाले समय में एक लाख और युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मुख्यमंत्री इससे पहले 19 सितंबर से लेकर अब तक सात अलग-अलग चरणों में 11,713 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित कर चुके हैं। इन नियुक्तियों में शिक्षा, पुलिस, पंचायती राज, स्वास्थ्य और फोरेंसिक जैसे महत्वपूर्ण विभाग शामिल रहे हैं।

पुलिस और होमगार्ड भर्ती को लेकर भी तैयारी

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए आने वाले दिनों में और भी अवसर सामने आ सकते हैं। पुलिस विभाग में 35 हजार कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी चल रही है। इसके अतिरिक्त प्रदेश में 42 हजार होमगार्डों की भर्ती की योजना भी बनाई गई है।

योगी सरकार का यह कार्यक्रम किसान परिवारों को आर्थिक मदद पहुंचाने के साथ-साथ युवाओं को रोजगार देने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर दुर्घटना से प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल मिलेगा, तो दूसरी ओर सरकारी सेवा में चयनित युवाओं को उनके करियर की नई शुरुआत करने का अवसर मिलेगा।

0 comments:

Post a Comment