केंद्र सरकार का बड़ा फैसला, सोने के गहने खरीदने वालों को खुशखबरी

नई दिल्ली। सोने में निवेश हो या शादी-ब्याह के लिए गहनों की खरीदारी, भारतीय परिवारों के लिए गोल्ड हमेशा खास रहा है। लेकिन ज्वेलरी खरीदते समय सबसे बड़ी चिंता उसकी असली शुद्धता को लेकर होती है। इसी परेशानी को कम करने के लिए केंद्र सरकार ने हॉलमार्किंग व्यवस्था का विस्तार किया है। अब छह नए जिलों के ज्वेलरी बाजार भी इस नियम के दायरे में आ गए हैं। इस बदलाव के बाद देश के 398 जिलों में निर्धारित श्रेणी के सोने के गहनों की बिक्री के लिए हॉलमार्किंग जरूरी होगी।

सरकार के इस कदम से उन लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है, जो छोटे शहरों और स्थानीय बाजारों से सोने के आभूषण खरीदते हैं। आइए जानते हैं कि नए नियम में किन इलाकों को शामिल किया गया है और ग्राहकों को खरीदारी के दौरान किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

बिहार, यूपी समेत इन जगहों पर बढ़ा नियम का दायरा

हॉलमार्किंग व्यवस्था के नए विस्तार में छह जिलों को जोड़ा गया है। बिहार के पश्चिम चंपारण, उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर और संत कबीर नगर, दिल्ली के दक्षिण पश्चिम दिल्ली, गुजरात के पंचमहल और उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग को इसमें शामिल किया गया है।

उपभोक्ता मामलों के विभाग ने इस संबंध में संशोधन अधिसूचना जारी की है। इससे पहले 392 जिलों में यह व्यवस्था लागू थी। नए विस्तार के बाद अब यह संख्या 398 पहुंच गई है। कुल मिलाकर सरकार का प्रयास ज्यादा से ज्यादा ज्वेलरी बाजारों को प्रमाणित गुणवत्ता व्यवस्था से जोड़ना है।

गहने खरीदने से पहले ग्राहक कैसे रहें सावधान?

सिर्फ दुकानदार के भरोसे सोने की शुद्धता तय करना सही नहीं है। खरीदारी के समय आभूषण पर मौजूद BIS हॉलमार्क जरूर देखना चाहिए। इसके साथ कैरेट और फाइननेस की जानकारी भी जांचनी चाहिए। मसलन, 22 कैरेट के गहने पर 22K916 लिखा हो सकता है। इसका अर्थ है कि आभूषण में 91.6 प्रतिशत सोना मौजूद है। इसके अलावा छह अंकों वाला HUID नंबर भी देखना जरूरी है। यह नंबर हर हॉलमार्क वाले आभूषण की अलग पहचान होता है।

मोबाइल से भी पता कर सकते हैं गहने की जानकारी

अगर आपने कोई हॉलमार्क वाला आभूषण खरीदा है और उसकी प्रमाणिकता जांचना चाहते हैं, तो BIS Care ऐप की मदद ले सकते हैं। ऐप में Verify HUID सुविधा के जरिए गहने का यूनिक नंबर डालकर उससे जुड़ी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इससे खरीदारी के बाद भी ग्राहक अपने आभूषण के प्रमाणन की जांच कर सकते हैं।

0 comments:

Post a Comment