यूपी के ग्रामीणों के लिए खुशखबरी! गांवों में बनेंगे आधुनिक उत्सव भवन

न्यूज डेस्क। उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले परिवारों के लिए अब शादी-विवाह और दूसरे बड़े आयोजन करना पहले के मुकाबले आसान हो सकता है। जिन परिवारों के लिए महंगे मैरिज लॉन और गेस्ट हाउस का खर्च उठाना मुश्किल होता है, उन्हें अपने आसपास ही कम खर्च में कार्यक्रम आयोजित करने की सुविधा देने की तैयारी है। इसके लिए प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में आधुनिक उत्सव भवन बनाए जा रहे हैं।

हर विधानसभा क्षेत्र में तैयार होगा उत्सव भवन

इस योजना के तहत प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक उत्सव भवन बनाने का लक्ष्य रखा गया है। यहां ग्रामीण परिवार शादी, सगाई और अन्य सामाजिक व पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित कर सकेंगे। योजना को चरणों में आगे बढ़ाया जा रहा है। पहले चरण में हर जिले की एक विधानसभा में निर्माण कार्य शुरू किया गया है।

आजमगढ़, मऊ और बलिया में उत्सव भवन बनाने का काम शुरू हो चुका है। आजमगढ़ के बिना पर ग्राम पंचायत में भी निर्माण कार्य जारी है। अधिकारियों के मुताबिक, आगे इस योजना का विस्तार अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी किया जाएगा।

एक भवन पर खर्च होंगे 1.41 करोड़ रुपये

उत्सव भवन को आधुनिक सुविधाओं से तैयार करने के लिए प्रत्येक इकाई पर करीब 1 करोड़ 41 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। परिसर में समारोह के लिए बड़ा हॉल, मंच, बारातियों के ठहरने की व्यवस्था, खान-पान की सुविधा और पार्किंग जैसी जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

गरीब परिवारों को कम किराए पर मिलेगी सुविधा

इस योजना का उद्देश्य ऐसे परिवारों को राहत देना है, जो निजी मैरिज लॉन या गेस्ट हाउस का खर्च नहीं उठा पाते। भवन तैयार होने के बाद इसके इस्तेमाल का किराया जनपद स्तर पर गठित प्रशासनिक समिति तय करेगी। कोशिश रहेगी कि शुल्क इतना कम रखा जाए कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवार भी आसानी से इसका लाभ उठा सकें।

आपको बता दें की इस उत्सव भवन का संचालन ग्राम पंचायत की निगरानी में होगा। इससे ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में मांगलिक कार्यक्रमों के लिए सुविधाजनक स्थान मिल सकेगा और महंगे आयोजन स्थलों पर निर्भरता भी कम होगी।

0 comments:

Post a Comment