केंद्र सरकार की ये खास योजना, अगले 5 साल तक के लिए लागू

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने छोटे कारोबारियों और अपना नया व्यवसाय शुरू करने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए बड़ी राहत दी है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना को अगले 5 साल तक जारी रखने की मंजूरी मिल गई है। सरकार ने इस योजना के तहत 5,000 करोड़ रुपये के क्रेडिट गारंटी फंड को भी स्वीकृति दी है। इससे छोटे उद्यमियों को कारोबार शुरू करने और अपने मौजूदा व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक मदद मिल सकेगी।

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 अप्रैल 2015 को की थी। इस योजना का मुख्य उद्देश्य छोटे दुकानदारों, स्वरोजगार करने वालों और सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को बिना बड़ी वित्तीय बाधाओं के आगे बढ़ने का अवसर देना है। योजना की शुरुआत से अब तक इसके तहत करीब 33 लाख करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए जा चुके हैं।

चार श्रेणियों में मिलता है मुद्रा लोन

मुद्रा योजना के तहत कारोबार की जरूरत के अनुसार अलग-अलग श्रेणियों में लोन दिया जाता है। इसमें अधिकतम 20 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता मिल सकती है।

शिशु लोन: 50,000 रुपये तक

किशोर लोन: 50,001 से 5 लाख रुपये

तरुण लोन: 5 लाख से 10 लाख रुपये

तरुण प्लस: 10 लाख से 20 लाख रुपये

कौन उठा सकता है योजना का लाभ?

इस योजना का लाभ ऐसे भारतीय नागरिक उठा सकते हैं, जो गैर-कृषि क्षेत्र में अपना कारोबार शुरू करना चाहते हैं या पहले से चल रहे छोटे व्यवसाय का विस्तार करना चाहते हैं। आवेदक का बैंक डिफॉल्टर नहीं होना चाहिए। पात्रता और लोन की मंजूरी संबंधित बैंक के नियमों के अनुसार होगी।

कैसे करें मुद्रा लोन के लिए आवेदन?

मुद्रा लोन लेने के इच्छुक व्यक्ति आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर योजना से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी बैंक शाखा में जाकर भी आवेदन किया जा सकता है। आवेदन के दौरान कारोबार से संबंधित जानकारी और जरूरी दस्तावेज देने होंगे।

0 comments:

Post a Comment