LPG उपभोक्ताओं के लिए खुशखबरी, सरकार ने दी बड़ी सौगात

नई दिल्ली। त्योहारों के बीच रसोई गैस सिलेंडर के खर्च को लेकर परेशान परिवारों के लिए राहत की खबर है। दिल्ली सरकार ने मुफ्त LPG सिलेंडर देने के अपने वादे को पूरा करते हुए लाखों लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे पैसे भेजे हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने करीब 15 लाख परिवारों को इस योजना की राशि ट्रांसफर की है। खास बात यह है कि लोगों को गैस सिलेंडर के लिए किसी कूपन या अलग से सिलेंडर का इंतजार नहीं करना होगा। सरकार ने सिलेंडर की कीमत के बराबर रकम सीधे बैंक खाते में पहुंचाई है।

किन परिवारों के खाते में आए कितने रुपये?

इस योजना का लाभ दिल्ली के पात्र राशन कार्ड धारकों को दिया जा रहा है। सरकार ने लाभार्थियों को दो श्रेणियों में बांटकर भुगतान किया है।

उज्ज्वला योजना के लाभार्थी: करीब 1.25 लाख परिवारों को प्रति परिवार 642 रुपये मिले हैं।

अन्य पात्र राशन कार्ड धारक: लगभग 14.21 लाख परिवारों के खातों में 942 रुपये भेजे गए हैं।

इस तरह करीब 15 लाख परिवारों तक लगभग 142 करोड़ रुपये की सहायता पहुंचाई गई है। योजना का लाभ लेने के लिए परिवार के मुखिया का बैंक खाता आधार से जुड़ा होना जरूरी है।

होली और दिवाली पर मिलेगी सिलेंडर की कीमत

दिल्ली सरकार की इस योजना के तहत पात्र परिवारों को हर साल होली और दिवाली के अवसर पर एक गैस सिलेंडर की कीमत के बराबर राशि दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य त्योहारों के समय घरेलू बजट पर पड़ने वाले अतिरिक्त बोझ को कम करना है। इस योजना पर सालाना करीब 242 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

यूपी के उज्ज्वला लाभार्थियों को भी मिली राहत

उत्तर प्रदेश में भी उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए सरकार ने सब्सिडी जारी की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से करीब 1,500 करोड़ रुपये की सहायता राशि लाभार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खातों में भेजी गई थी। इससे प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को फायदा मिलने की बात कही गई है।

इस तरह दिल्ली और उत्तर प्रदेश में गैस सिलेंडर के खर्च को कम करने के लिए अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से परिवारों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। लाभार्थियों को अपने बैंक खाते में भुगतान की स्थिति जरूर जांच लेनी चाहिए।

0 comments:

Post a Comment