यूपी सरकार की सौगात, गन्ना किसानों के लिए आई बड़ी खुशखबरी

न्यूज डेस्क। उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों के लिए राहत भरी खबर है। नई फसल तैयार होने के बाद अब चीनी मिलों में गन्ने की पेराई शुरू होने जा रही है। बरेली जिले में किसानों को गन्ना सप्लाई के लिए मोबाइल पर पर्चियां भेजने का काम शुरू कर दिया गया है। जिले की सभी चालू चीनी मिलों में 11 नवंबर से एक साथ पेराई सत्र शुरू करने की तैयारी है। इससे किसानों को अपनी उपज चीनी मिलों तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी।

1.01 लाख हेक्टेयर में हुई गन्ने की खेती

इस बार बरेली जिले में करीब 1,01,654 हेक्टेयर जमीन पर गन्ने की फसल तैयार की गई है। पेराई सत्र को ध्यान में रखते हुए चीनी मिलों के लिए गन्ने का आवंटन भी निर्धारित कर दिया गया है। फरीदपुर चीनी मिल को 80 केंद्रों से 245 लाख क्विंटल, मीरगंज मिल को 99 केंद्रों से 229 लाख क्विंटल और सेमीखेड़ा मिल को 14 केंद्रों से 89 लाख क्विंटल गन्ना आवंटित किया गया है।

किसान मोबाइल पर जरूर चेक करें पर्ची

गन्ना पर्ची का मैसेज समय पर पाने के लिए किसानों को अपना पंजीकृत मोबाइल नंबर चालू रखने की सलाह दी गई है। साथ ही फोन का इनबॉक्स खाली रखने और नियमित रूप से मैसेज चेक करने को कहा गया है। मोबाइल बंद रहने या इनबॉक्स भरा होने पर जरूरी सूचना छूट सकती है।

भुगतान को लेकर भी मिला भरोसा

गन्ना किसानों के लिए अच्छी बात यह है कि अधिकारियों ने नए पेराई सत्र में भुगतान लंबित नहीं रहने देने का भरोसा दिया है। जिला गन्ना अधिकारी डीके सैनी के मुताबिक, मिलों में पेराई शुरू कराने की तैयारियां चल रही हैं और पुराने बकाये के भुगतान के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में नए पेराई सत्र से बरेली के गन्ना किसानों को अपनी फसल बेचने और भुगतान मिलने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment