बिहार सरकार ने दी खुशखबरी, किसानों को मुफ्त मिलेगा गन्ने का बीज

पटना। बिहार सरकार ने गन्ने की खेती करने वाले किसानों को बड़ी राहत दी है। राज्य में गन्ने का उत्पादन बढ़ाने और नए इलाकों में इसकी खेती को प्रोत्साहित करने के लिए गन्ना उद्योग विभाग मुफ्त गन्ना बीज वितरण योजना चला रहा है। इसके तहत किसानों को उन्नत किस्म का गुणवत्तापूर्ण और रोगमुक्त बीज बिल्कुल मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा। खास बात यह है कि बीज को खेत तक पहुंचाने के साथ लोडिंग और अनलोडिंग का खर्च भी सरकार ही उठाएगी।

25 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन

इस योजना का लाभ चीनी मिल वाले और बिना चीनी मिल वाले, दोनों क्षेत्रों के किसान उठा सकते हैं। जिन गांवों में अभी गन्ने की खेती नहीं होती है, वहां के पात्र रैयत और गैर-रैयत किसान भी आवेदन कर सकते हैं। सरकार का उद्देश्य ऐसे क्षेत्रों में गन्ने की खेती को बढ़ावा देना है, जहां अब तक किसान इससे दूर रहे हैं।

इतनी जमीन के लिए मिलेगा मुफ्त बीज

योजना के तहत किसान न्यूनतम 0.25 एकड़ से लेकर अधिकतम 2.5 एकड़ जमीन में गन्ने की खेती के लिए मुफ्त बीज प्राप्त कर सकते हैं। इससे किसानों को बीज खरीदने और खेत तक मंगाने पर होने वाला शुरुआती खर्च नहीं उठाना पड़ेगा।

केन केयर पोर्टल से करें आवेदन

योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को गन्ना उद्योग विभाग के केन केयर पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। विभाग ने आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ाकर 25 नवंबर कर दी है। ऐसे में इच्छुक किसान समय रहते आवेदन कर सकते हैं। सरकार की इस पहल से बिहार में गन्ने की खेती का रकबा बढ़ने के साथ किसानों की लागत कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

0 comments:

Post a Comment