प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 1399 करोड़ रुपये मंजूर
कैबिनेट बैठक के बाद कैबिनेट विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद चौधरी ने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग के प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लिए 1399.6028 करोड़ रुपये की अग्रिम निकासी को मंजूरी दी गई है। इस राशि में केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाला 450.1554 करोड़ रुपये का हिस्सा और बिहार सरकार का 949.4474 करोड़ रुपये का अंश शामिल है। यह पैसा बिहार आकस्मिकता निधि से उपलब्ध कराया जाएगा। इससे पहले से स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्य में तेजी आएगी और जरूरतमंद परिवारों को अपना पक्का घर मिलने की राह आसान होगी।
बख्तियारपुर-ताजपुर पुल के लिए 4572 करोड़ की मंजूरी
बिहार में सड़क और पुल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए बख्तियारपुर-ताजपुर चार लेन पुल परियोजना को भी बड़ी मंजूरी मिली है। गंगा नदी पर बन रहे इस पुल और इसके पहुंच पथ की संशोधित लागत 4572.53 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। परियोजना में 5.52 किलोमीटर लंबा पुल और 45.40 किलोमीटर लंबा पहुंच पथ शामिल है। इसके निर्माण को आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने 1834.305 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने की भी स्वीकृति दी है।
आम लोगों को मिलेगा फैसलों का लाभ
बिहार कैबिनेट के इन फैसलों का असर ग्रामीण आवास और बुनियादी ढांचे जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर पड़ने वाला है। एक तरफ आवास योजना के लिए बड़ी राशि मिलने से गरीब परिवारों के घर निर्माण को गति मिलेगी, वहीं बख्तियारपुर-ताजपुर पुल परियोजना से राज्य की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। सरकार के इन फैसलों से बिहार के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

0 comments:
Post a Comment