यूपी से बंगाल तक बनेगा एक्सप्रेस-वे, बिहार वालों के लिए भी खुशखबरी!

लखनऊ। उत्तर प्रदेश से पश्चिम बंगाल तक सफर करने वाले लोगों के लिए आने वाले समय में बड़ी सुविधा मिलने वाली है। गोरखपुर से सिलीगुड़ी तक एक नया एक्सप्रेस-वे बनाने की तैयारी चल रही है। करीब 568 किलोमीटर लंबी इस परियोजना का सबसे बड़ा हिस्सा बिहार से होकर गुजरेगा। इससे बिहार के कई जिलों की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ व्यापार और आवागमन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे की शुरुआत उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित जगदीशपुर से होगी। इसके बाद यह कुशीनगर होते हुए बिहार में प्रवेश करेगा और फिर पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी तक पहुंचेगा। परियोजना की कुल लंबाई में लगभग 417 किलोमीटर हिस्सा बिहार में प्रस्तावित है। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और कुशीनगर जिले भी इस परियोजना से जुड़ेंगे।

बिहार के इन 8 जिलों को मिलेगा फायदा

इस एक्सप्रेस-वे का रूट बिहार के आठ जिलों से होकर गुजरेगा। इनमें पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज शामिल हैं। इन जिलों के लोगों को दूसरे राज्यों तक पहुंचने के लिए बेहतर सड़क संपर्क मिलने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय कारोबार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिल सकती है।

यूपी के 164 गांवों से होगा जमीन अधिग्रहण

परियोजना के नए एलाइनमेंट में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर और कुशीनगर जिलों को शामिल किया गया है। जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर के 23 और कुशीनगर के 141 गांवों की जमीन अधिग्रहण के दायरे में आएगी। पहले प्रस्तावित रूट में देवरिया शामिल था, लेकिन संशोधित योजना में इसे बाहर कर दिया गया है।

73 हजार करोड़ रुपये आएगी अनुमानित लागत

गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे परियोजना पर करीब 73 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें लगभग 45 हजार करोड़ रुपये निर्माण कार्य पर खर्च किए जाने की योजना है, जबकि शेष राशि जमीन अधिग्रहण और अन्य कार्यों पर खर्च होगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने परियोजना की संशोधित डीपीआर तैयार की है, जिसे आगे मंजूरी की प्रक्रिया से गुजरना है।

0 comments:

Post a Comment