बिहार के इन 34 जिलों में आंधी-बारिश के आसार

पटना। बिहार में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदल रहा है। राज्य के अधिकतर हिस्सों में जहां उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है, वहीं अब मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। एक ओर 34 जिलों में आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है, तो दूसरी ओर चार जिलों में लू चलने की संभावना जताई गई है।

चार जिलों में लू का खतरा, तापमान 42°C पार

मौसम विभाग के मुताबिक, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल और भोजपुर जिलों में हीट वेव की स्थिति बन सकती है। इन जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचने की संभावना है। इसके चलते विभाग ने इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहर के समय धूप और गर्म हवाओं से बचें।

34 जिलों में आंधी-बारिश और वज्रपात की संभावना

राज्य के 34 जिलों में मौसम विभाग ने आंधी, बारिश और वज्रपात की आशंका जताई है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। येलो अलर्ट के तहत इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

जिन जिलों में आंधी-बारिश की संभावना जताई गई है, वे हैं:

अररिया, बांका, बेगूसराय, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, गया, गोपालगंज, जमुई, जहानाबाद, कैमूर, कटिहार, खगड़िया, किशनगंज, लखीसराय, मधुबनी, मधेपुरा, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, नालंदा, नवादा, पटना, पश्चिम चंपारण, पूर्णिया, पूर्वी चंपारण, सहरसा, समस्तीपुर, सारण, शेखपुरा, शिवहर, सीतामढ़ी, सिवान, सुपौल और वैशाली।

बिहार की राजधानी पटना में भी गर्मी और उमस से हाल बेहाल

राजधानी पटना में बीते 24 घंटे में धूप-छांव के बीच उमस का सिलसिला बना रहा। यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लोगों को गर्मी के साथ-साथ पसीने और बेचैनी ने परेशान किया। हालांकि, आंधी और बारिश की संभावना ने कुछ राहत की उम्मीद जरूर जगाई है।

0 comments:

Post a Comment