लखनऊ-मुंबई के बीच शुरू होगी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन

लखनऊ: उत्तर प्रदेश से महाराष्ट्र की आर्थिक राजधानी मुंबई तक का सफर अब और भी आरामदायक और तेज़ होने वाला है। भारतीय रेलवे वर्ष 2025-26 में देशभर में 10 नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों की शुरुआत करने जा रहा है, जिसमें लखनऊ-मुंबई रूट भी शामिल है। यह ट्रेन पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के लाखों यात्रियों के लिए किसी सौगात से कम नहीं होगी।

सर्वे पूरा, समय सारिणी का इंतजार

रेलवे ने लखनऊ से मुंबई के बीच प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के लिए रूट सर्वे पूरा कर लिया है। यह ट्रेन लखनऊ, हरदोई, शाहजहांपुर, बरेली जंक्शन, रामपुर, मुरादाबाद, गाजियाबाद, हज़रत निजामुद्दीन होते हुए मुंबई पहुंचेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जून के अंत तक इस ट्रेन की समय सारिणी जारी कर दी जाएगी।

इससे पहले बरेली-मुंबई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी मिल चुकी है और उसका भी रूट सर्वे पूरा हो गया है। इन दोनों ट्रेनों की शुरुआत से यूपी के बड़े हिस्से के यात्रियों को मुंबई जाने के लिए कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी।

यात्रा का अनुभव होगा आरामदायक

वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जिनमें एसी थर्ड टियर, एसी सेकंड टियर और एसी फर्स्ट क्लास के कोच शामिल होंगे। इन ट्रेनों में कुल 823 यात्री सफर कर सकेंगे। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस ये ट्रेनें न सिर्फ गति में तेज होंगी, बल्कि सफर को भी पहले से कहीं अधिक आरामदायक बनाएंगी।

क्यों है यह रूट खास?

लखनऊ-मुंबई मार्ग पर यात्री संख्या अधिक है और रेल यात्रियों की भारी मांग को देखते हुए यह रूट रेलवे की प्राथमिकता में शामिल है। अभी तक इस मार्ग पर सप्ताह में एक दिन चलने वाली लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस पर यात्रियों का जबरदस्त दबाव रहता है। नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन इस दबाव को काफी हद तक कम करेगी।

0 comments:

Post a Comment