यूपी में बनेंगे 14 नए मेडिकल कॉलेज, इन जिलों के लिए खुशखबरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी पहल की जा रही है। राज्य सरकार ने 14 नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना का निर्णय लिया है, जिससे प्रदेश के चिकित्सा ढांचे को और मजबूत किया जाएगा। इस योजना के लिए 1,023 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है।

वर्तमान में उत्तर प्रदेश में कुल 81 मेडिकल कॉलेज हैं, जिनमें से 45 राज्य सरकार द्वारा संचालित हैं और 36 निजी क्षेत्र द्वारा। प्रदेश के 75 प्रतिशत जिलों में मेडिकल कॉलेज की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन 16 ऐसे जिले अभी भी ऐसे हैं जहां मेडिकल शिक्षा का नेटवर्क नहीं है। इन जिलों में पीपीपी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के तहत नए कॉलेज स्थापित किए जाएंगे।

पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष 2017 में सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की कुल सीटें 4,540 थीं, जो अब बढ़ाकर 12,800 कर दी गई हैं। इसी तरह, पीजी सीटों की संख्या भी 1,221 से बढ़कर 4,995 हो गई है। यह विस्तार न केवल विद्यार्थियों के लिए अवसर बढ़ाएगा, बल्कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार लाएगा।

इसके अलावा, प्रदेश सरकार ने कैंसर संस्थान, लखनऊ के लिए 315 करोड़ रुपये और असाध्य रोगों के इलाज हेतु निःशुल्क चिकित्सा सुविधा के लिए 130 करोड़ रुपये की व्यवस्था भी की है। यह पहल मरीजों को महंगे इलाज के बोझ से राहत देने और विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम है।

यूपी में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में यह निवेश न केवल शिक्षा को सशक्त बनाएगा बल्कि ग्रामीण और पिछड़े जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाएगा। 14 नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना से प्रदेश के युवाओं के लिए मेडिकल शिक्षा में अवसर बढ़ेंगे और स्वास्थ्य सेवाओं का नेटवर्क अधिक व्यापक होगा।

0 comments:

Post a Comment