विधानसभा में हुई घोषणा
यह अहम घोषणा विधानसभा सत्र के दौरान की गई। विभागीय मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने वर्ष 2026-27 के बजट पर चर्चा के दौरान बताया कि बहाली की प्रक्रिया शुरू करने के लिए संबंधित आयोगों को प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। विभाग में स्वीकृत कुल 22,342 पदों में बड़ी संख्या रिक्त है, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से भरा जाएगा।
किन पदों पर होगी बहाली?
इस भर्ती अभियान में राजस्व अधिकारी, राजस्व कर्मचारी और अमीन जैसे प्रमुख पद शामिल हैं। सरकार का मानना है कि पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध होने से भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, सर्वे और अन्य राजस्व कार्यों का निपटारा तेज और पारदर्शी ढंग से हो सकेगा।
राजस्व कर्मचारी के 8,051 पदों पर भर्ती
राजस्व कर्मचारी के कुल 8,051 पदों पर नियुक्ति की योजना बनाई गई है। इनमें से 3,559 पदों के लिए पहले ही 2023 में Bihar Staff Selection Commission को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। बाकी 4,492 पदों के लिए रोस्टर स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके अतिरिक्त 3,303 नए पद भी सृजित किए गए हैं।
अमीन के 765 पदों पर भी होगी नियुक्ति
राज्य में अमीन के 765 पदों को भी नियमित रूप से भरा जाएगा। इन पदों के लिए आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर प्रस्ताव आगे बढ़ा दिया गया है। अभी अमीन के 2,502 स्वीकृत पदों में से करीब आधे ही भरे हुए हैं। ऐसे में नई बहाली से जमीन मापी, सर्वेक्षण और रजिस्ट्रेशन से जुड़े कार्यों में सुधार की उम्मीद है।
दरअसल, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग आम नागरिकों से सीधे जुड़ा होता है। जमीन संबंधी विवाद, दाखिल-खारिज, नापी और अभिलेख सुधार जैसे मामलों में अक्सर देरी की शिकायतें आती रही हैं। पदों के खाली रहने से कामकाज प्रभावित होता है। बड़े पैमाने पर नियुक्ति से लंबित मामलों के निपटारे में तेजी आने की संभावना है।
0 comments:
Post a Comment