केंद्रीय कर्मचारियों को सरकार ने किया अलर्ट, जानें पूरी डिटेल

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों को एक नए साइबर धोखे को लेकर सतर्क किया है। यह ठगी 8वें वेतन आयोग के नाम पर की जा रही है, जिसमें जालसाज कर्मचारियों को सैलरी बढ़ोतरी का लालच देकर उनके बैंक खातों तक पहुंच बना रहे हैं।

कैसे हो रही है ठगी?

सरकारी चेतावनी के अनुसार, ठग व्हाट्सएप पर संदेश भेज रहे हैं। इन संदेशों में दावा किया जाता है कि एक विशेष लिंक पर क्लिक कर और एक APK फाइल डाउनलोड कर कर्मचारी यह जान सकते हैं कि 8वें वेतन आयोग के तहत उनकी सैलरी में कितनी बढ़ोतरी होगी।

जैसे ही कर्मचारी उस APK फाइल को अपने मोबाइल में इंस्टॉल करता है, साइबर अपराधियों को फोन का पूरा एक्सेस मिल जाता है। इसके बाद वे बैंकिंग ऐप, ओटीपी और अन्य गोपनीय जानकारी का दुरुपयोग कर खाते से रकम निकाल लेते हैं।

सोशल मीडिया पर चेतावनी

आधिकारिक साइबर जागरूकता प्लेटफॉर्म CyberdostI4C ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कर्मचारियों को सचेत किया है। पोस्ट में साफ कहा गया है कि व्हाट्सएप पर भेजे जा रहे ऐसे लिंक और APK फाइल पूरी तरह फर्जी हैं और इन्हें डाउनलोड करना बेहद खतरनाक हो सकता है।

क्यों खतरनाक है APK फाइल?

APK फाइल किसी भी ऐप का इंस्टॉलेशन पैकेज होता है। अगर यह अज्ञात स्रोत से डाउनलोड की जाए, तो इसमें मालवेयर या स्पाइवेयर छिपा हो सकता है। एक बार इंस्टॉल होते ही यह फोन के मैसेज, कॉल, बैंकिंग ऐप और अन्य निजी डाटा तक पहुंच बना सकता है।

इन बातों का रखें विशेष ध्यान

सरकार कभी भी व्हाट्सएप पर APK फाइल नहीं भेजती।

अज्ञात लिंक या फाइल डाउनलोड करने से बचें।

किसी के साथ ओटीपी, पिन या पासवर्ड साझा न करें।

स्क्रीन-शेयरिंग या अनजान ऐप इंस्टॉल करने से बचें।

सैलरी, पेंशन या वेतन आयोग से जुड़ी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।

0 comments:

Post a Comment