बिहारवासियों के लिए खुशखबरी! 15 अगस्त से लागू हुए 3 बड़े बदलाव

पटना। बिहार में 15 अगस्त 2026 से शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े तीन बड़े बदलाव लागू किए गए हैं। सरकार ने अस्पतालों में रेफरल प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के साथ स्कूलों में डिजिटल पढ़ाई और शिक्षकों की छुट्टी की प्रक्रिया को भी ऑनलाइन कर दिया है। इन बदलावों का उद्देश्य व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है।

1 .अस्पतालों में नई रेफरल व्यवस्था

नई नीति के तहत सामान्य मरीजों को बिना उचित कारण बड़े अस्पतालों में भेजने पर संबंधित डॉक्टर या स्वास्थ्यकर्मी पर कार्रवाई हो सकती है। गंभीर मरीजों को रेफर करने से पहले प्राथमिक उपचार देकर उनकी स्थिति स्थिर करने पर जोर दिया गया है।

रेफर किए जाने वाले मरीज की बीमारी, इलाज और रेफरल की वजह की जानकारी भाव्या डिजिटल पोर्टल पर दर्ज करनी होगी। मरीजों के लिए सरकारी एंबुलेंस की व्यवस्था भी अनिवार्य की गई है। इससे बड़े अस्पतालों में अनावश्यक भीड़ कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

2 .मॉडल स्कूलों में शुरू हुई ई-लर्निंग

बिहार के मॉडल स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए लाइव ऑनलाइन क्लास की सुविधा शुरू की जा रही है। छात्र स्कूल के अलावा भी शिक्षकों से अपने सवाल पूछ सकेंगे। यह सुविधा निशुल्क होगी और इसका लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों को संबंधित पोर्टल या मोबाइल ऐप पर पंजीकरण करना होगा।

3 .शिक्षकों की छुट्टी भी अब ऑनलाइन

सरकारी स्कूलों के शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों के लिए छुट्टी की प्रक्रिया भी डिजिटल कर दी गई है। 15 अगस्त के बाद अवकाश के लिए ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। छुट्टी मंजूर होने के बाद उसका आदेश भी पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। सरकार के इन बदलावों से स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग में कामकाज को अधिक डिजिटल, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने की कोशिश की जा रही है।

0 comments:

Post a Comment